चौपाल में बोले मतदाता, बस वादाखिलाफ न हो सरकार
रात के करीब 11 बज रहे थे।
जेएनएन, शाहजहांपुर : रात के करीब 11 बज रहे थे। चौक कोतवाली क्षेत्र में बंगला सरोदी के पास रहमत मियां की दुकान पर चाय के शौकीनों की भीड़ अब भी थी। कुछ के हाथ में चाय का प्याला था, तो कई इंतजार कर रहे थे। माहौल चुनाव का है ऐसे में चर्चाएं भी जारी थीं। कोई बदलाव की जरूरत बता रहा था तो कई सरकार को एक बार फिर से मौका दिये जाने के पक्ष में भी थे।
जुबैर बोले कि अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री रहते हुए यूपी का काफी विकास किया। गरीबों के लिए कई योजनाएं चलाईं। बेरोजगारी दूर करने के पूरे प्रयास किए। उन्हें प्रधानमंत्री पद का दावेदार बनाया जाना चाहिए। फैयाज ने भी समर्थन किया। कहा कि देश को युवा नेतृत्व की जरूरत है। शाहिद दोनों से सहमत नहीं थे। बोले कि मोदी सरकार ने भी काफी विकास कार्य कराए हैं। देश की साख विदेशों में बनी है। एक बार फिर से मोदी को मौका देना चाहिए। बात पूरी होने से पहले ही वसीम ने कहा कि इस बार गठबंधन की सरकार बननी चाहिए। अरबाज ने कहा कि वह चाहते हैं कि सरकार ऐसे दल की बने जो देश का विकास करे, बेरोजगारी दूर करे। इमरान ने कहा गठबंधन भाजपा को कड़ी चुनौती दे रहा है। तालिब बोले कि कांग्रेस को भी कम नहीं आंकना चाहिए। जब-जब उसकी सरकार रही उसने अपने किए वादे पूरे किए। राशिद बोले की पांच साल मोदी सरकार को देख लिया। अब दूसरी सरकार बननी चाहिए। बदलाव से ही देश का विकास होता है। इसी बीच शानू बोले की सरकार उसकी बननी चाहिए जो बेरोजगारी दूर कर सके। देश में युवा सबसे ज्यादा परेशान है रोजगार नहीं होने की वजह से इधर से उधर भटकता है। उवैस हसन ने वोटर लिस्ट से नाम कटने की समस्या बतायी। बोले कि तमाम लोग मतदान करने से वंचित रह जाते हैं। चुनाव आयोग को इस दिशा में ध्यान देना चाहिए। मो. शोएब भी उनसे सहमत दिखे।