हाईस्पीड चली तो एक दिन बुलेट भी दौड़ेगी
रात करीब साढ़े ग्यारह बजे रोडवेज बस स्टैंड के पास एक रेस्टारेंट में काफी भीड़भाड़ थी।
जेएनएन, शाहजहांपुर : रात करीब साढ़े 11 बजे रोडवेज बस स्टैंड के पास होटल पर रोज की तरह भीड़भाड़ थी। लोग खाना खाने के साथ ही चुनाव की चर्चा में भी मशगूल थे। कोई दोबारा मोदी सरकार के पक्ष में था तो कोई बदलाव के। सभी के पास अपने-अपने तर्क थे। हम भी इस चुनावी चर्चा में शामिल हो लिये। रामनिवास बोले कि पांच वर्षों में देश का काफी विकास हुआ है। विश्व में भारत की अलग पहचान बनी है। अगर सरकार बदली तो सारी कवायद रुक जाएगी। आदर्श मिश्र ने भी हामी भरी बोले कि आयुष्मान योजना व प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को काफी फायदा हुआ। संजय पाठक दोनों से सहमत नहीं थे। बोले की सरकार ने जनता से झूठे वादे किए। बेरोजगारों को नौकरी नहीं मिली। महंगाई भी बढ़ गई। जुमलेबाजी ज्यादा हुई। आम आदमी को इस सरकार से कोई लाभ नहीं हुआ है। मोहित ने कहा कि इसलिए कह रहे हैं कि सरकार उसी दल की बननी चाहिए जो जनता के साथ किए वादों को पूरा कर सके। चुनाव जीतने के बाद जनता को हमेशा छला जाता है। तभी अमित यादव बोल पड़े इसलिए तो कह रहे हैं कि मोदी सरकार फिर आनी चाहिए। अखिलेश सिंह ने कहा कि देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। अरविद सिंह ने कहा कि एयर स्ट्राइक व पायलट अभिनंदन की वापसी याद दिलायी। अदनान खान बोले वह सब सही है। सरकार किसी भी दल की बने, लेकिन वह गरीबों के हक में काम करे। देश से गरीबी दूर होनी चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि रोजगार को बढ़ावा दिया जाए। अमित गुप्ता बोले वह भी होगा। जब जैसे देश में हाईस्पीड ट्रेन शुरू हुई है। एक दिन बुलेट ट्रेन भी दौड़ेगी।