बंधीचक में नहीं बनेगा डंपिग ग्राउंड
बंधीचक में सत्याग्रह के 12वें दिन तिलहर नगर पालिका प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा। भारतीय कृषक दल के राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद कुमार यादव जनसेवक के जिला पंचायत सदस्य पद से त्यागपत्र की घोषणा के बाद आठ सदस्य सुबह नौ बजे उनके तिलहर स्थित किसान कार्यालय पर पहुंचे।
जेएनएन, शाहजहांपुर : बंधीचक में सत्याग्रह के 12वें दिन तिलहर नगर पालिका प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा। भारतीय कृषक दल के राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद कुमार यादव जनसेवक के जिला पंचायत सदस्य पद से त्यागपत्र की घोषणा के बाद आठ सदस्य सुबह नौ बजे उनके तिलहर स्थित किसान कार्यालय पर पहुंचे। 14 सदस्यों ने दूरभाष पर उनसे त्यागपत्र न देने का आग्रह किया। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव से बात की गई। कहा कि 15 अगस्त को दो दर्जन जिला पंचायत सदस्य सामूहिक त्यागपत्र देंगे। यह भनक लगते ही एसडीएम तिलहर वेद सिंह चौहान तथा नगर पालिका ईओ सर्वेश कुमार कुशवाहा धरना स्थल पर पहुंचे। अधिशासी अधिकारी ने लिखित आश्वासन देकर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट शासनादेश के तहत दूसरे स्थान पर बनाने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना प्रदर्शन को स्थगित करने का एलान कर दिया। इसके बाद ग्राम प्रधान रक्षपाल सिंह यादव व पप्पू भोजवाल समेत ग्रामीणों खुशी में मिठाई व भुने चने बांटे। बंधीचक, रैना, मूला गौटिया, शिवदासपुर, सलेमपुर, काबिलपुर, पिथनापुर, बंधा, नवदिया, गैसरा आदि 38 गावों के लोगों का सहयोग रहा।