शहर से लेकर गांव तक रही राम नाम की गूंज
शुक्रवार सुबह शहर से लेकर गांव रामनाम की गूंज रही। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तीर्थ क्षेत्र निर्माण के लिए निधि जुटाने निकले कार्यकर्ताओं ने रामनामी पटका फैलाकर दान संग्रह किया। सुबह से देर शाम तक चले कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर सहयोग किया।
जेएनएन, शाहजंहापुर : शुक्रवार सुबह शहर से लेकर गांव रामनाम की गूंज रही। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तीर्थ क्षेत्र निर्माण के लिए निधि जुटाने निकले कार्यकर्ताओं ने रामनामी पटका फैलाकर दान संग्रह किया। सुबह से देर शाम तक चले कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर सहयोग किया।
टाउनहाल स्थित संघ कार्यालय पर बनी रणनीति के तहत नगर में 63 टोलियां निधि जुटाने के लिए निकलीं। 1969 ग्राम पंचायतों में भी पांच सदस्यीय टोली ने रामनाम संकीर्तन के साथ धन जुटाया। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान के प्रमुख विभाग कार्यवाह रवि मिश्रा, निधि प्रमुख अभिनव ओमर, विभाग के निधि प्रमुख महेश कुमार, महिला विभाग अभियान प्रमुख क्षमा वर्मा, विभाग प्रचारक चंदन, विश्व हिदू परिषद के महानगर अभियान प्रमुख अश्नील कुमार, महानगर संघ चालक रमेश, महानगर कार्यवाह धर्मेंद्र, सह नगर कार्यवाह राजेश, महेश, महानगर प्रचारक आशुतोष, विभाग बौद्धिक प्रमुख कमलेश, विभाग संपर्क प्रमुख ईशपाल, वीरेंद्र कुमार मिश्र विभाग प्रचार प्रमुख, प्रचार प्रमुख यतीद्र चौहान समेत जिले में करीब पांच हजार कार्यकर्ता धन संग्रह में लगे रहे।
दिल खोल कर किया दान
लोगों ने 100 से 500 रुपये तक का दान किया। आनंदपुरम मुहल्ले में एक युवा ने 500 के दान की इच्छा जताई, तो उसकी मां ने एक हजार का दान कर दिया।
दिग्गजों ने भी फैलाई झोली
मर जाऊं मांगू नहीं अपने तन के काज, रामकाज के कारने मोहि न आवे लाज.. इन पंक्तियो के साथ सियासी दिग्गजों ने झोली फैलाकर राममंदिर के लिए निधि जुटाई। भाजपा जिलाध्यक्ष हरी कृष्ण वर्मा, सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष सुरेंद्र वाल्मीकि, डीसीबी अध्यक्ष डीपीएस राठौर, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, किशोर गुप्ता, भाजपा महानगर प्रमुख अरुण गुप्ता आदि ने झोल फैलाकर राममंदिर निर्माण को धन जुटाया।