कांग्रेस नेता व चार बेटों पर मुकदमा दर्ज
महिला से मारपीट के मामले में पुलिस ने राजीव गांधी ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के प्रदेश के मध्य जोन के अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा व उनके चार बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जेएनएन, कलान, शाहजहांपुर : महिला से मारपीट के मामले में पुलिस ने राजीव गांधी ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के प्रदेश के मध्य जोन के अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा व उनके चार बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कस्बे में पुराने ओवरहेड टैंक के पास रहने वाली विरमा देवी ने बताया कि पांच जुलाई को पड़ोसी वेद प्रकाश शर्मा से नाली में पानी के निकास को लेकर उसका विवाद हो गया था। आरोप है कि उसे व उसके बेटे रोहित को वेद प्रकाश शर्मा तथा उनके बेटे मोहित, सुमित, किशन, कुलदीप ने पीटा। विरोध करने पर लाइसेंसी बंदूक व रिवाल्वर को तान दिया। वह थाने गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। एसपी को प्रार्थना पत्र देते हुए कार्रवाई न होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी तब पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। एसओ सुनील शर्मा ने बताया कि महिला व उसके पुत्र को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा है। मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। महिला ने मेरे ऊपर द्वेषभावना से आरोप लगाए हैं। मैं इस मामले में एसपी से मिला था। उनके सामने अपना पक्ष रखा था। सीओ जलालाबाद जांच कर रहे हैं। सच सामने आएगा।
वेद प्रकाश शर्मा, अध्यक्ष मध्य जोन, राजीव गांधी ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी