छज्जा गिरने से भाई बहन की मौत
छज्जा गिरने से महिला व उसके बेटा-बेटी मलबे में दब गए। लोगों ने बमुश्किल तीनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने बचों को मृत घोषित कर दिया।
जेएनएन, बंडा, शाहजहांपुर : छज्जा गिरने से महिला व उसके बेटा-बेटी मलबे में दब गए। लोगों ने बमुश्किल तीनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
बंडा थाना क्षेत्र की रामनगर कालोनी निवासी विनोद कुमार की पत्नी सीमा अपने पांच वर्षीय बेटे निक्कू व छह माह की बेटी नंदनी के साथ मंगलवार सुबह करीब दस बजे मकान के गेट पर खड़ी थीं। तभी अचानक छज्जा गिर पड़ा। सीमा को ज्यादा चोट नहीं आईं, लेकिन दोनो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो थे, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मृत घोषित कर दिया गया।
तीन माह पहले बनवाया था घर
विनोद समाचार पत्र विक्रेता हैं। तीन माह पहले उन्होंने रामनगर कॉलोनी में मकान बनवाया था। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से गेट पर डलवाए गए छज्जे की सपोर्ट में दीवार नहीं उठवा पाए थे। अंशू का रो-रोकर बुरा हाल
विनोद के तीन बच्चों में बड़ा बेटा अंशू दोस्तों के साथ रंग-गुलाल खेल रहा था। विनोद साथियों के साथ होली खेलने गए थे। घटना के बाद से सीमा और विनोद बदहवास हैं।
राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा था। पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी गई है। प्रशासन की ओर से मदद की जाएगी। दशरथ नंदन, एसडीएम पुवायां