अधिवेशन में शामिल होंगे अभाविप के 50 सदस्य
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 65 वां राष्ट्रीय अधिवेशन आगरा में आयोजित होगा।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर :
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 65 वां राष्ट्रीय अधिवेशन आगरा में आयोजित किया जाएगा। जिसमे देशभर से लगभग दो हजार छात्र, छात्राएं, शिक्षक व शिक्षाविद हिस्सा लेंगे। प्रांत उपाध्यक्ष मचकेंद्र सिंह ने बताया कि 22 नवंबर से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले अधिवेशन में विभिन्न राज्यों की कला-संस्कृति, वेष-भूषा और भाषा की झलक एक लघु भारत के रूप में दिखाई देगी। जिला प्रमुख डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि आगरा में आयोजित होने वाले इस अधिवेशन में युवा तरुणाई का भारत को दोबारा विश्व गुरु बनाने का संकल्प और मजबूत होगा। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शिवम सिंह ने बताया कि जिले से भी करीब 50 लोग अधिवेशन में शामिल होने जाएंगे। इस मौके पर जिला छात्रा प्रमुख प्रिया गुप्ता, पायल गुप्ता आदि मौजूद रहे।