रेलवे में 450 सरकारी आवास कंडम
रेलवे के शहर व रोजा में बने साढ़े चार सौ सरकारी आवास जर्जर हैं।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर : रेलवे के शहर व रोजा में बने साढ़े चार सौ सरकारी आवास कंडम घोषित किए गए हैं। हालांकि इनमें से कई आवासों में अब भी लोग रह रहे हैं। अधिकारियों ने समय रहते ध्यान नहीं दिया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रोजा में रेलवे के करीब 1700 सरकारी आवास है, जिनमें तीन सौ कंडम हैं। इन आवासों के दरवाजे उखाड़ लिए गए हैं और बिजली का कनेक्शन काट दिया गया है। कुछ में लोगों ने प्राइवेट खर्च पर दरवाजा लगाकर व कनेक्शन कराकर रहना शुरू कर दिया है। इसी तरह शहर में 150 आवास कंडम हैं। जिन आवासों में कर्मचारी या उनके परिवार रह भी रहे हैं उनकी दीवारों व फर्श का प्लास्टर उखड़ा हुआ है। बारिश के दिनों में करंट दीवार में उतर आता है। सहायक मंडल अभियंता राकी तुहार ने बताया कि कंडम घोषित हो चुके सरकारी आवास को गिराए जाएंगे। उनके स्थान पर नए मकान बनाए जाएंगे। आइओडब्ल्यू को निर्देश दिए गए है कि जिन मकानों की मरम्मत होनी है, उन पर काम शुरू कराएं।