2.29 लाख वर्गमीटर क्षेत्रफल पर होगा किसान सम्मेलन
रोजा का रेलवे मैदान शहर का सबसे बड़ा ग्राउंड होगा।
जागरण संवादददाता, शाहजहांपुर : रोजा का रेलवे मैदान शहर का सबसे बड़ा ग्राउंड होगा। 2.29 लाख वर्ग मीटर क्षेत्रफल की वजह से यह मैदान ओसीएफ और बरेली मोड़ के रैली मैदान से काफी बड़ा है। प्रशासन ने विशालता देखकर ही इस मैदान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के लिए चिन्हित किया। जर्मन हैंगर तकनीक से बने पंडाल समेत कुल एक लाख से ज्यादा लोगों के बैठने व खड़े होने की व्यवस्था की गई है।
शहर में अभी तक क्षेत्रफल की दृष्टि से ओसीएफ रामलीला मैदान को सबसे बड़ा माना जाता था। बरेली मोड़ पर साउथ सिटी के सामने के मैदान पर मोदी, मायावती, मुलायम ¨सह यादव, अखिलेश यादव की रैली के बाद इस मैदान की विशालता के चर्चे शुरू हो गए। लेकिन नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए रोजा रेलवे मैदान को खोज निकाला। 2.29 लाख वर्ग मीटर का विशाल क्षेत्रफल की वजह से अब यह ग्राउंड जिले का सबसे बड़ा मैदान बन गया है।
2500 वर्ग मीटर में हेलीपैड, 1900 में फायरप्रूफ मंच
प्रधानमंत्री के लिए तीन व मुख्यमंत्री के लिए एक हेलीपैड का निर्माण किया गया है। चारो हेलीपैड करीब 2500 वर्ग मीटर में बनाए गए है। मुजफ्फरनगर के गांधी टेंट हाउस ने 60 मीटर लंबा, 32 मीटर चौड़ा तथा आठ मीटर ऊंचा फायर प्रूफ मंच तैयार किया है। 650 वर्ग मीटर डी एरिया के लिए सुरक्षित किया गया है।
पंडाल में दस हजार लोगों के खड़े होने की भी व्यवस्था
कुल एक लाख की भीड़ में 50 हजार लोग पंडाल में बैठ सकेंगे। पंडाल में पीछ दस हजार लोगों के खड़े होने की भी व्यवस्था रहेगी। मैदान तक पहुंचने के लिए छह प्रवेश द्वार होंगे। इनमें पहला वीवीआइपी गेट होगा। इसी गेट से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की फ्लीट मंच तक जाएगी। दूसरे व तीसरे से वीआइपी व मीडिया को प्रवेश मिलेगा। शेष द्वारों से किसानों के प्रवेश मिलेगा।