भैंस खोल रहे चोर को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
दोकड़ा सीवान में स्थित दरवाजे से भैंस खोल रहे एक चोर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
संत कबीरनगर : महुली थाना क्षेत्र के ग्राम दोकड़ा सीवान में स्थित दरवाजे से भैंस खोल रहे एक चोर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। चोर की पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया।
महादेवा निवासी टिकुरी प्रसाद दोकड़ा के सीवान में झोपड़ी डाल कर रहते हैं। वहां वह पशुओं की देखभाल करते हैं। शुक्रवार की देर रात पिकअप से पहुंचे आधा दर्जन की संख्या में पशु चोर दरवाजे पर बंधी भैंस खोल रहे थे। आहट सुनकर बगल में सोए टिकुरी की नींद टूट गई। भैंस चोरों को देखकर उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। खुद को घिरता समझ चोर वाहन सहित भाग गए, लेकिन एक चोर को ग्रामीण ने मौके पर ही दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। चोर की पहचान महुली थाना क्षेत्र बेल्डुहा का रमेश के रूप में हुई। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि पशु चोर कब्जे में है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पूर्व में यहां से कई पशु गायब हुए हैं। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।