आज शान से लहराएगा तिरंगा, हर ओर गूंजेगा राष्ट्रगान
परेड करके किया पूर्वाभ्यास आकर्षण का केंद्र होगा सामूहिक मार्च

संतकबीर नगर : राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस बुधवार को हर्षाेल्लास पूर्वक मनेगा। सुबह प्रार्थना सभा के बाद विविध कार्यक्रम होंगे। शहर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खलीलाबाद से प्रभातफेरी निकलेगी। ध्वजारोहण व राष्ट्रगान के पश्चात संकल्प दिलाकर स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराया जाएगा। विद्यालयों, पंचायत भवनों व सार्वजनिक स्थानों पर सुबह 10 बजे झंडा फहराया जाएगा। सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों के साथ विभिन्न संस्थानों में गरिमापूर्ण ढंग व भव्यता से कार्यक्रम करने के लिए मंगलवार को तैयारियां पूरी की गई। दिन में 11.30 बजे शहर के मोती चौराहा से आजाद तिराहा तक सामूहिक मार्च पास्ट होगा। पुलिस लाइन में होगा परेड
-पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस पर परेड होगा। बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ध्वजारोहण करेंगी। सुबह 9.25 पर परेड की सलामी, 9.30 पर ध्वजारोहण, 10 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुरस्कार वितरण होगा। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ ने दी। देश भक्ति का नजारा देखने को लगेगा तांता
राष्ट्रीय पर्व पर जन गण मन से विद्यालय, कार्यालय व संस्थान गूंज उठेगा। प्रतियोगिता को लेकर उत्साह बना हुआ है। इसका नजारा देखने के लिए नागरिक एकत्र होंगे। मोती चौक से आजाद चौक तक मार्च पास्ट निकलेगा। इसमें एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड के विद्यार्थी भी शामिल होंगे। तिरंगामय हुई कबीरनगरी
शहर, कस्बा व देहात की दुकानें तिरंगा से सजी हैं। शहर के गोला बाजार में उत्साह से तिरंगा, बैज, स्टीकर आदि की खरीदारी हुई। विद्यालय बंद होने से इस बार बच्चों की खरीदारी कम हुई। घर-बाहर, बाजार में देशभक्ति गीतों से आसपास का वातावरण तिरंगामय हो गया है। देशभक्ति गीत से युवा और बुजुर्ग सभी तिरंगे को सलाम कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए मन ही मन संकल्प ले रहे हैं। गांधी आश्रम में तिरंगा की धूम
गांधी आश्रम में तिरंगा की धूम रही। 90-60 साइज का तिरंगा 550 रुपया व 135-90 का एक हजार रुपया में लिया गया। शहर में गांधी आश्रम पर तिरंगा समाप्त होने के बाद लोगों ने दूर-दराज के स्थानों पर तिरंगा लिया। खलीलाबाद इसके साथ मगहर, हैंसर बाजार, मेंहदावल, लालगंज, चकिया, धनघटा गांधी आश्रम में करीब 280 से अधिक तिरंगा लोगों ने लिया। शहर में साज-सज्जा, बज रहे देश भक्ति गीत
नगरपालिका खलीलाबाद द्वारा शहर में महापुरुषों के प्रतिमा स्थल पर साफ-सफाई करके बिजली के झालरों से जगमग की गई। यहां मधुर स्वर में देशभक्ति के गीत बज रहे है। खलीलाबाद बाईपास, चंद्रशेखर तिराहा, नपा कार्यालय गेट, नेहरू चौक, बैंक चौराहा आदि स्थान पर व्यवस्था बनाई गई है। अधिकारियों ने साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यक्रम को लेकर सभासदों व नपा कर्मियों में भरपूर उत्साह है। सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व टैंकर आदि की व्यवस्था की गई है। पूर्व संध्या पर सजी रंगोली
राष्ट्रीय पर्व की पूर्व संध्या पर कलेक्ट्रेट में तैयारियां पूरी की गई। पुलिस लाइन में रंगोली सजाई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने कोविड को देखते हुए पर्व को लेकर प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है। उन्होंने राष्ट्रभक्ति व एकजुटता का संदेश देते कहा कि गुलामी की जंजीरों को काटने में अनेकों वीर सपूतों ने प्राण न्यौछावर कर दिए। तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है। यह पर्व देश की एकता, अखंडता को कायम रखते हुए लोगों में देश-प्रेम की भावना जगाने का संदेश देता है। - प्रार्थना व प्रभातफेरी - 8.15 सुबह
- ध्वजारोहण - 8.30 बजे कलेक्ट्रेट व सरकारी भवन पर
-सामूहिक मार्च पास्ट- 11.30
-सार्वजनिक सभा- तीन बजे
Edited By Jagran