संतकबीर नगर में बंद पड़े घर से हजारों की चोरी
पुलिस को दिए गए तहरीर में चन्द्रभान ने लिखा है कि युसुफ पुत्र शौकत अली निवासी भटौली सपरिवार एक सप्ताह पूर्व मुंबई गए हैं।
संतकबीर नगर : बेलहर थाना क्षेत्र के भटौली में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े घर को खंगाल दिया। घर में रखा हजारों रुपये का सामान चुरा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर मकान मालिक के पड़ोसी चन्द्रभान यादव ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस को दिए गए तहरीर में चन्द्रभान ने लिखा है कि युसुफ पुत्र शौकत अली निवासी भटौली सपरिवार एक सप्ताह पूर्व मुंबई गए हैं। घर में ताला लगा था। मंगलवार की देर रात चोरों ने घर में रखा टीवी, फ्रीज, कूलर, इनवर्टर, बर्तन, कपड़ा, चार गैस सिलेंडर, स्टेबलाइजर, बैटरी आदि सामान उठा ले गए। घटना की सूचना मकान मालिक को पड़ोसियों ने मोबाइल के जरिये दिया तो वह परेशान हो उठे। चोरी की घटना से समूचे गांव में लोग सहमे है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की तहरीर मिली है। पुलिस जल्द ही चोरों को पकड़ लेगी।
किशोरी पर गोली चलाने वाले युवक को भेजा जेल
संतकबीर नगर : पुलिस ने बुधवार को किशोरी पर कट्टे से फायर करने वाले युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
धनघटा थानाक्षेत्र के एक गांव में 13 नवंबर 2020 को लक्ष्मी पूजा का कार्यक्रम चल रहा था। उस दिन रात के समय गांव का रोशन पुत्र रणजीत गांव की ही एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का प्रयास किया था। इसमें असफल होने पर उसने लड़की पर कट्टे से फायर कर दिया था। इस घटना में लड़की घायल हो गई थी। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र-हैंसर बाजार में दाखिल कराया गया था। पीड़ित मां की तहरीर पर पुलिस ने रोशन व उसके मित्र के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था।