शहर में रोक-टोक नहीं, जहां चाहते हैं वहीं खड़ी कर देते हैं वाहन
पुलिस कर्मी छांव में बैठकर समय काटते हैं।
संतकबीर नगर: खलीलाबाद शहर में कोई रोक-टोक नहीं। लोग जहां चाहते हैं वहीं पर वाहन खड़ी कर देते हैं। जबकि शहर के विभिन्न स्थानों पर हर दिन यूपी पुलिस व ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगती है। पुलिस कर्मी छांव में बैठकर समय काटते हैं। इनकी खामोशी से आवागमन की स्थिति बिगड़ती जा रही है। नगरीय निकाय व तहसील के अधिकारी भी खामोश रहते हैं। इससे लोगों को आवागमन में रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है।
नगरपालिका परिषद खलीलाबाद के समय माता मंदिर के परिसर में चार साल पहले पार्किंग बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया था। इस प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिली। इससे यह काम अब तक नहीं हो पाया। पार्किंग के अभाव में लोग जहां चाहते हैं, वहीं पर दो पहिया,चार पहिया, साइकिल खड़ी कर देते हैं। खलीलाबाद बाईपास के निकट, चंद्रेशखर तिराहा, मुखलिसपुर तिराहा, गोला बाजार, बैंक रोड सहित अन्य स्थानों पर यह दृश्य रोजाना दिखता है। हैरत की बात यह है कि शहर के विभिन्न स्थानों पर हर दिन यूपी पुलिस व ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगती है। पुलिस कर्मी छांव में बैठकर समय काटते हैं। इसलिए इन्हें लोगों को रोकने-टोकने की फुर्सत नहीं रहती। इसकी वजह से लोगों को आवागमन में रोजाना दिक्कत झेलनी पड़ती है। स्टैंड के अभाव में सड़क पर वाहन खड़े हो रहे हैं। मुख्य बाजार व मार्ग पर बैंक व कार्यालयों के सामने साइकिल, मोटर साइकिल व चार पहिया वाहन खड़े होने से आए दिन यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है।
सड़क पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए छह स्थानों पर स्टैंड स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसके बावजूद विभागीय स्तर से इस दिशा में सार्थक पहल नही हो सकी है। जिससे दोपहिया व अन्य वाहन ऐसे तैसे खड़े हो रहे हैं। अवैध पार्किंग से राहगीरों को दुर्गति झेलनी पड़ रही है। शहर में निर्धारित स्थान पर ही वाहनों को खड़ा करने का निर्देश दिया गया है। सभी के सहयोग से इस समस्या को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
सुरेश कुमार मौर्य
अधिशासी अधिकारी,नगरपालिका परिषद खलीलाबाद