गुलजार हुआ रैन बसेरा, आगंतुकों का इंतजार
नगरपालिका खलीलाबाद क्षेत्र में दो स्थानों पर रैन बसेरा स्थापित किया गया है।
संतकबीर नगर :नगरपालिका खलीलाबाद क्षेत्र में दो स्थानों पर रैन बसेरा स्थापित किया गया है। मंगलवार को व्यवस्था बनाई गई। रैन बसेरा में पुआल, कंबल, रजाई, पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई। खलीलाबाद बाईपास पर टिन शेड कक्ष में अस्थाई व बंजरिया में वैवाहिक कक्ष में स्थाई रैन बसेरा में ठहरने का समुचित इंतजाम है।
समस्या को लेकर दैनिक जागरण में 10 दिसंबर के अंक में रैन बसेरा में ताला, प्लेट में कट रही रातें शीर्षक से पेज छह पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित हुई थी। खबर को संज्ञान में लेते हुए अधिशासी अधिकारी, वरिष्ठ सहायक तौव्वाब अली, उमेशचंद्र चौधरी ने रैन बसेरा का ताला खुलवाकर व्यवस्था दुरुस्त कराया। यहां पर साफ-सफाई के बाद कंबल आदि की व्यवस्था करके रैन बसेरा चालू कर दिया गया। दोनों स्थानों पर करीब 60 लोग रह सकते हैं।
अधिशासी अधिकारी नगरपालिका बीना सिह ने कहा कि ठंड से बचाव के लिए रैन बसेरा में इंतजाम किए गए है। खलीलाबाद बाईपास पर पुल के नीचे शेड में व बंजरिया-नेदुला मार्ग पर रैन बसेरा चालू हो गया है। निर्धन, असहाय, बेघर को किसी भी दशा में सड़क पर रात नहीं गुजारनी पड़ेगी। रैन बसेरा में पेयजल, प्रकाश, कंबल, रजाई, बिस्तर व अलाव का समुचित प्रबंध है। जरूरत को देखते हुए सुविधाएं बढ़ाई जाएगी।