बरात गए व्यक्ति की मौत की सूचना से घर में कोहराम
बरात गए व्यक्ति की मौत की सूचना पर कांटे पुलिस चौकी के डारीडीहा गांव में कोहराम मच गया। ये बीते रविवार को रिश्तेदार की बारात में गए हुए थे।
संत कबीरनगर: बरात गए व्यक्ति की मौत की सूचना पर कांटे पुलिस चौकी के डारीडीहा गांव में कोहराम मच गया। ये बीते रविवार को रिश्तेदार की बारात में गए हुए थे। वापस न लौटने पर परिवार के सदस्य इनकी खोजबीन कर रहे थे। बस्ती जिले के हड़िया चौराहे के ओवरब्रिज के पास पुलिस को एक अज्ञात लाश मिली थी। सूचना पर परिवार के सदस्य व गांववासी बस्ती जिले में पहुंचकर लाश की पहचान किए। पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लाए और दाह संस्कार क्रिया किए।
डारीडीहा गांव के निवासी व पेशे से नाई 40 वर्षीय राजू शर्मा पुत्र सर्वजीत बीते रविवार को दुधारा थानाक्षेत्र के धुसुरा गांव में गए थे। यहां से ये रिश्तेदार की बरात में बाइक से गए थे। राजू की बाइक इसी रात एक पिकअप में फंस कर छह किमी तक घिसटती चली गई। बस्ती की खजौला पुलिस ने इस पिकअप और बाइक को अपने कब्जे में ले-लिया था लेकिन बाइक सवार का पता नहीं चल रहा था। बाइक के नंबर के आधार पर जांच करने पर मुंडेरवा पुलिस ने डारीडीहा गांव में इसकी सूचना दी। इसके बाद राजू का परिवार किसी अनहोनी की आशंका से घिरा हुआ था। प्रधान प्रतिनिधि मान सिंह अपने सहयोगियों के साथ खजौला, मुंडेरवा थाना और बस्ती के अस्पताल में खोजबीन करने लगे। इन्हें सोमवार की देर रात में पता चला कि राजू की मौत बस्ती जनपद के हड़िया चौराहे के ओवरब्रिज के पास हुई है। परिवार के सदस्यों को मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव मिला। गांव में शव पहुंचने पर मृतक की 35 वर्षीय पत्नी आशा तथा 11 वर्षीय रिकू, आठ वर्षीय वैभव और छह वर्षीय मुस्कान तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। शाम के समय गांव के पास स्थित कठिनइयां नदी के तट पर बड़े बेटे रिकू ने मुखाग्नि दी।