दिनभर नहीं निकली धूप, चलती रही सर्द हवाएं
सुबह कोहरे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग खलीलाबाद-मेंहदावल सांथा धनघटा रामजानकी मार्ग के साथ व ग्रामीण सड़कों पर वाहन की रफ्तार थमी रही। जिला मुख्यालय खलीलाबाद समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर सुबह 10 बजे तक सन्नाटे की स्थिति रही। बहुत जरूरी होने पर ही लोग बाहर निकले।
संतकबीर नगर : कोहरा व सर्द हवाओं के साथ मौसम की करवट जारी है। एक दिन पूर्व धूप खिलने से राहत रही तो दूसरे दिन गुरुवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। सर्द हवाओं के थपेड़ों से गलन बढ़ गई है। ठंड से बचाव के लिए लोग घरों में ही सिमटे रहे।
शहर, नगर व कस्बा में अलाव की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। ठंड से बच्चों व बुजुर्गों के बीमार पड़ने का सिलसिला जारी है। पूरे दिन ठंड का कहर तेज रहा, जो शाम ढलने के साथ ही और बढ़ गया।
सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा
सुबह कोहरे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग, खलीलाबाद-मेंहदावल, सांथा, धनघटा, रामजानकी मार्ग के साथ व ग्रामीण सड़कों पर वाहन की रफ्तार थमी रही। जिला मुख्यालय खलीलाबाद समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर सुबह 10 बजे तक सन्नाटे की स्थिति रही। बहुत जरूरी होने पर ही लोग बाहर निकले। जो निकले वे ठंड से बचने के लिए गरम कपड़े पहनकर ही निकले। ठंड से आमजन बेहाल
सर्दी के इस मौसम में जन जीवन बुरी तरह प्रभावित है। ठिठुरते कार्यालय व कामकाज पर लोग पहुंचे। बच्चे सर्दी, खांसी व जुकाम से पीड़ित हैं, जबकि वृद्धों को सांस संबंधी परेशानी हो रही है। जिला चिकित्सालय व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर नित्य मरीजों की बड़ी संख्या जुट रही है। कुछ ऐसा ही हाल सर्द मौसम में पशु-पक्षियों का है। पालतू व बेसहारा पशुओं पर भी ठंड का असर दिखा। ऐसा रहा तापमान
दिन - अधिकतम - न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस)
-गुरुवार -17.7- 9.1
-बुधवार - 18.1 - 9.2
-मंगलवार- 18.7- 9.5
-सोमवार- 19.7 - 10.2