लघु सिचाई विभाग के वरिष्ठ सहायक की कोरोना से मौत
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने बताया कि बस्ती जनपद के मोहल्ला-रौतापार निकट गांधीनगर निवासी 55 वर्षीय सतीश चंद्र श्रीवास्तव संतकबीर नगर जनपद में विकास भवन स्थित लघु सिचाई विभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात थे।
संतकबीर नगर: विकास भवन स्थित लघु सिचाई विभाग के वरिष्ठ सहायक की कोरोना से मौत हो गई। इससे विकास भवन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों में दहशत है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लघु सिचाई विभाग के कार्यालय में पहुंची। सभी आठ कर्मियों के नमूने लिए। रैपिड एंटीजन टेस्ट में इस विभाग के सभी आठ कर्मी निगेटिव निकले है। विभाग के कार्यालय को सैनिटाइज किया गया।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने बताया कि बस्ती जनपद के मोहल्ला-रौतापार निकट गांधीनगर निवासी 55 वर्षीय सतीश चंद्र श्रीवास्तव संतकबीर नगर जनपद में विकास भवन स्थित लघु सिचाई विभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात थे। 19 नवंबर को विकास भवन स्थित अपने कार्यालय में ड्यूटी किए थे। 20 नवंबर को बस्ती जनपद स्थित घर में इनको दिल का दौरा पड़ा था। परिवार के सदस्य उन्हें उपचार के लिए लखनऊ स्थित एक प्राइवेट हास्पिटल में ले गए थे। यहां पर कोरोना जांच में वह पाजिटिव निकले थे। यहां के डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें किसी और अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी थी। वह बस्ती जनपद के कैली हास्पिटल में कोरोना वार्ड में 22 नवंबर को भर्ती हुए। यहां पर तबीयत बिगड़ने पर 24 नवंबर को उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। बीते मंगलवार-बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे उनकी मौत हो गई।
डा. झा ने बताया कि बुधवार को 1376 नमूनों की रिपोर्ट आई। इसमें 1373 लोग जांच में निगेटिव निकले है। वहीं खलीलाबाद ब्लाक में गुड़ मंडी स्थित एक प्रतिष्ठान के दो लोग तथा हैंसर बाजार ब्लाक के सोनाड़ी गांव के एक व्यक्ति कुल तीन लोग जांच में कोरोना पाजिटिव निकले हैं। अब तक कुल 199933 सैंपल की जांच हो चुकी है। अब तक 192096 निगेटिव और 3074 लोग जांच में पाजिटिव निकले हैं। अब तक कुल 45 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जबकि 3039 पाजिटिव मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 35 पाजिटिव मरीजों का उपचार चल रहा है।