51 हजार दीपों से आज जगमगाएगा मगहर के आमी नदी का तट
दैनिक जागरण-देव दीपावली कार्यक्रम संत कबीर स्थली मगहर में शाम पांच बजे से जलाए जाएंगे दीप
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर: दैनिक जागरण के तत्वावधान में गुरुवार को कार्तिक पूर्णिमा पर मगहर स्थित आमी नदी के तट पर देव दीपावली मनाई जाएगी। इस दिन शाम पांच बजे 51 हजार दीप जलाए जाएंगे। कबीर चौरा स्थित आमी नदी का तट जगमग हो जाएगा। विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता, समाजसेवी, शिक्षाविद समेत समाज के सभी वर्ग के लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। रंगोली बनाए जाने के बाद पूजन का सिलसिला शाम चार बजे से शुरू हो जाएगा।
कार्तिक पूर्णिमा का ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व है। देव दीपावली पर दैनिक जागरण के इस आयोजन से लोग काफी उत्साहित हैं। भाजपा, सपा, कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता इसकी प्रशंसा कर रहे हैं। इनका कहना है कि इससे समाज को अच्छा संदेश मिलेगा। अधिवक्ता, व्यापारी, कर्मचारी संगठनों ने भी दैनिक जागरण की इस महत्वपूर्ण पहल की प्रशंसा की है। उनका मानना है कि यह समाज को जागृत करने वाली पहल है। संत कबीर की धरती पूरे विश्व को शांति व समरसता का संदेश देती है। उस धरती पर यह आयोजन किया जाना अति महत्वपूर्ण है। कार्तिक पूर्णिमा पर दीप जलाने की परंपरा है। आमी नदी के तट पर जलते दीप समाज के आर्थिक, सामाजिक विकास के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। दैनिक जागरण की इस पहल में जनपद के अधिकतर लोगों ने सहभागी बनने की इच्छा जताई है। ये स्वयं दीप जलाकर इसके सहभागी बनना चाहते हैं। इनका मानना है कि इससे समाज में एकजुटता का भाव पैदा होगा। ऐसा कहा जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शंकर ने देवताओं के साथ गंगा के घाट पर दीपावली मनाया था।
--------------------------------