मगहर में सद्गुरु को चढ़ी आस्था की खिचड़ी
संतकबीर नगर जिले में मकर संक्रांति का पर्व गुरुवार को परंपरागत ढंग से मनाया गया। मगहर में सदगुरु कबीर की समाधि व तामेश्वरनाथ धाम में महादेव को आस्थाकी खिचड़ी चढ़ाई गई। ज्ञद्धालुओ ंने पवित्र नदियों में डुबकी लगाई।
संतकबीर नगर: जिले में मकर संक्रांति का पर्व गुरुवार को परंपरागत ढंग से मनाया गया। मगहर में सौहार्द के प्रतीक संत कबीर की निर्वाण स्थली पर आस्था की खिचड़ी चढ़ाई गई। श्रद्धालुओं ने समाधि पर मत्था टेका। सुबह से लेकर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। प्राचीन शिव मंदिर बाबा तामेश्वरधाम मंदिर में खिचड़ी चढ़ाकर कल्याण की प्रार्थना की गई। भगवान सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करते ही आस्थावानों ने सरयू नदी के चहोड़े, बिड़हर, मयंदी एवं रामबागे, राप्ती व कुआनो नदी के पवित्र घाटों पर डुबकी लगाई व पूजन किया। दान देकर पुण्य लाभ अर्जित किए। सभी घाटों पर दिनभर मेला लगा और लोगों ने जरूरी सामान खरीद खुशियां साझा कीं।
पर्व पर घरों में चावल, उड़द की दाल, मटर, हरी सब्जियों के मिश्रण की खिचड़ी पकाकर परिवार व परिचितों के साथ सेवन किया। घर-बाहर लोगों ने पर्व पर बड़े -बुर्जुगों व पंडितों का आशीर्वाद प्राप्त किया। मगहर कबीर स्थली में पर भंडारा में साधु-संतों के साथ लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कई जगहों पर सहभोज करके समरसता का संदेश दिया गया। महंत विचार दास, संत अरविद दास शास्त्री, पुजारी शांतिदास, डा.रामशरण, रामलखन दास, डा. हरिशरण दास, ओमप्रकाश त्रिपाठी, रामशंकर यादव, केशवदास, डा.एके पांडेय, भोलू सिंह, लालबाबा, सोनू सरगम आदि मौजूद रहे। भजन-कीर्तन के साथ सत्संग मगहर में कोविड-19 के गाइडलाइन का पालन कराने के लिए लोगों को सचेत किया गया। भजन-कीर्तन के साथ लोग सत्संग में शामिल हुए। सहभोज व प्रसाद वितरण किया गया। पर्व पर क्षेत्र के अनेकों लोगों ने खिचड़ी का दान किया। स्नान-ध्यान के साथ कुछ लोगों ने गो-दान भी किया।