सेवानिवृत्त मुख्य सतर्कता निरीक्षक को धमकाया, पांच पर मुकदमा
दबंगों ने जेसीबी से गिराई थी घर की चहारदीवारी - पुलिस महानिरीक्षक के आदेश से सक्रिय हुई पुलिस
संत कबीरनगर : धनघटा थाना क्षेत्र के लोहरैया निवासी सेवानिवृत्त मुख्य सतर्कता निरीक्षक को दबंगों ने घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं जेसीबी लगाकर उनके घर की चहारदीवारी भी गिरा दी। स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो इसकी शिकायत बस्ती मंडल के पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) अनिल कुमार से की गई। आइजी की दखल के बाद पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सेवानिवृत मुख्य सतर्कता निरीक्षक ब्रह्मदेव पांडेय ने बताया कि वह घर पर पत्नी के साथ अकेले रहते हैं। वह हृदय रोग के मरीज भी हैं। आरोप है कि बीते सात अगस्त की सुबह करीब 9 बजे गांव के ही कुछ लोग जेसीबी लेकर घर पर चढ़ आए। उन्हें मारने के लिए दौड़ाया। जिस पर वे एक कमरे में खुद को बंद कर लिए। उसके बाद दबंगों ने जेसीबी से उसके घर की चहारदीवारी को गिरा दिया। अपने साथ हुई घटना की जानकारी उन्होंने स्थानीय पुलिस को दी। दो दिन तक पुलिस मामले को टालती रही। आइजी से शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज हुआ। धनघटा के थानेदार सुरेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि तोड़फोड़ व धमकी देने के मामले में जगदीश पांडेय, आशीष पांडेय, दिनेश पांडेय, आकाश पांडेय व दिनेश राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।