धूप निकलने से मिली राहत, गलन बरकरार
बच्चों की चहलकदमी से टूटा खेल मैदान व गलियों का सन्नाटा

संतकबीर नगर : ठंड की मार से रविवार को सुबह कोहरा छटने से राहत मिली। चार दिन बाद सुबह 10 बजे के बाद धूप निकली तो लोग घरों से बाहर निकले। दोपहर तक धूप का असर ठंडी हवाओं के सामने बे-असर रहा। दिन चढ़ने के साथ ही तपिश बढ़ी तो राहत मिली, बात अलग है कि शाम ढलने के साथ फिर से गलन चरम पर हो गई।
धूप निकलने के साथ ही सड़कों पर आवागमन बढ़ गया लोग जरूरी कार्यों को निपटाने के लिए घरों से बाहर निकले। अलाव के पास सिमटे रहे लोगों को मौसम ठीक होने का आभास हुआ। दिन ढलते ही कोहरा बढ़ने लगा। ऐसे में लोगों को फिर से अलाव का सहारा लेना पड़ा। शहर व कस्बा में कुछ ही स्थानों पर अलाव जल रहे हैं, अधिकांश स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था न होने के कारण लोग परेशान हैं। गरीबों को नहीं मिल सका कंबल
ठंड से निजात दिलाने के लिए शासन ने अलाव जलाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। जो व्यवस्था है वह जरूरत के हिसाब से नाकाफी साबित हो रही है। खलीलाबाद, हैंसर बाजार, नाथनगर, पौली, धनघटा, महुली, पौली, मगहर, बखिरा आदि स्थानों पर तमाम निराश्रित बुजुर्ग कंबल के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता जो समारोह करके कंबल व वस्त्र का वितरण करते भी तो उन्होंने भी चुनाव आचार संहिता लागू होने से हाथ पीछे खींच लिया है। नौनिहालों पर भारी पड़ रही सर्दी
सर्दी की मार नौनिहालों पर भारी पड़ रही है। कोरोना के बढ़ते मामले व ठंड को देखते हुए विद्यालयों में 30 जनवरी तक अवकाश किया गया है। कितु घर में बच्चे परेशान हैं।
Edited By Jagran