जिले के 45 बूथों पर पहुंचीं पोलिग पार्टियां, मतदान आज
जनपद के खलीलाबाद ब्लाक के ग्राम पंचायत भाटपार में रिक्त प्रधान पद के लिए छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चुनाव परिणाम आने के ठीक चार दिन पहले मरे प्रधान की पत्नी भी इसमें शामिल हैं। तीन बूथों के 1923 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज करेंगे।
संतकबीर नगर : जिले के छह ब्लाक मुख्यालयों से शुक्रवार को 45 बूथों पर पोलिग पार्टियां पहुंच गईं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच शनिवार को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमण कर बूथों का जायजा लेते रहेंगे।
जनपद में खलीलाबाद ब्लाक के ग्राम पंचायत भाटपार में प्रधान के एक रिक्त पद के अलावा सेमरियावां में 55, सांथा में 11, पौली में 21, खलीलाबाद में 31, हैंसर बाजार में 12 व नाथनगर ब्लाक में आठ यानी ग्राम पंचायत सदस्य के 138 रिक्त पद के लिए शनिवार को मतदान होगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शुक्रवार को खलीलाबाद ब्लाक मुख्यालय से 11, सेमरियावां से 17, हैंसर बाजार से तीन, पौली से छह, नाथनगर से तीन तथा सांथा से छह कुल 45 पोलिग पार्टियां 45 बूथों के लिए रवाना हुई। ब्लाक मुख्यालय पर रवानगी के पूर्व तक काफी हलचल रही। मतदान कर्मी मतपत्रों व अन्य सामग्री का मिलान करते हुए दिखे। रिजर्व में सात पोलिग पार्टियां रखी गई हैं। सेमरियावां ब्लाक मुख्यालय से कर्मी हुए रवाना सेमरियावां ब्लाक मुख्यालय में पोलिग पार्टियों की रवानगी के पूर्व हलचल रही। इस ब्लाक में ग्राम पंचायत उचहरा कला में पांच, मूड़ाडीहाबेग में एक, कोहरियावां में एक, सिसवातालिब में सात, छगुरिया बगुलियां में पांच, अहिरौली प्रथम में आठ, तेनुहारी दोयम में दो, चोरहा में एक, सालेहपुर में नौ, भेलवासी में सात तथा ग्राम पंचायत सौरहा सिघोरवा में चार वार्डों के ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त 55 पदों के लिए मतदान होना है। रिटर्निंग आफिसर(आरओ) विजय कुमार ने यह जानकारी दी है।
भाटपार में प्रधान के रिक्त पद के लिए छह प्रत्याशी मैदान में
जनपद के खलीलाबाद ब्लाक के ग्राम पंचायत भाटपार में रिक्त प्रधान पद के लिए छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चुनाव परिणाम आने के ठीक चार दिन पहले मरे प्रधान की पत्नी भी इसमें शामिल हैं। तीन बूथों के 1923 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज करेंगे।
खलीलाबाद ब्लाक के ग्राम पंचायत भाटपार से प्रधान पद के लिए खड़े हमीदुल्लाह का चुनाव परिणाम आने के ठीक चार दिन पहले दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। चुनाव परिणाम में उन्हें विजयी घोषित किया गया था। यहां से प्रधान के रिक्त पद के लिए छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें जैनब खातून पत्नी हमीदुल्लाह, तरन्नुम, दीपक, पंकज गुप्ता, मो. इस्माइल व यार मोहम्मद मैदान में हैं। इस ग्राम पंचायत में मतदान कराने के लिए तीन बूथ बनाए गए हैं। इसमें प्राथमिक विद्यालय भाटपार पूरब में 791, मध्य में 603 तथा पश्चिम बूथ में 529 मतदाता है। इस प्रकार इन तीनों बूथ के कुल 1923 मतदाता प्रधान पद के प्रत्याशी की जीत-हार तय करेंगे।