जांच को अचानक संत कबीरनगर पहुंचे मंडलायुक्त
बस्ती मंडल के नोडल अधिकारी व इस मंडल के कमिश्नर अनिल कुमार सागर शुक्रवार को अचानक जांच के लिए कई जगहों पर पहुंचे।
संत कबीरनगर : कोरोना पर नियंत्रण पाने को शासन से नामित बस्ती मंडल के नोडल अधिकारी व इस मंडल के कमिश्नर अनिल कुमार सागर शुक्रवार को अचानक जांच के लिए कई जगहों पर पहुंचे। एचआरपीजी कालेज-खलीलाबाद में स्थित सामुदायिक भोजनालय(कम्युनिटी किचन)में बनने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की। वहीं क्वारंटाइन सेंटर में ठहरने की व्यवस्था का जायजा लिए। दोनों जगह स्थिति ठीक मिली। इसके बाद वे खलीलाबाद शहर में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र(सीएचसी)व सेंट थामस इंटर कालेज में पहुंचे। यहां पर भर्ती किए जाने वाले कोरोना पॉजिटिव मरीजों को मिलने वाली सुविधा के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही मंडलायुक्त जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे और यहां स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मरीजों के बारे में पूछताछ की। सीएमओ डा. हरगोविद सिंह, एसीएमओ डा. मोहन झा व सीएमएस डा. वाइपी सिंह ने उन्हें विस्तृत जानकारी दी। जांच के दौरान डीएम रवीश गुप्त, एसपी ब्रजेश सिंह, एडीएम संजय कुमार पांडेय, सीडीओ अतुल मिश्र, एसडीएम एसपी सिंह के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।