सार्वजनिक रास्ते पर मनबढ़ ने जमाया कब्जा
खलीलाबाद तहसील के ग्राम बघुआ के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र देकर सार्वजनिक रास्ते से अवैध कब्जा हटवाने की गुहार लगाई है।
संतकबीर नगर : खलीलाबाद तहसील के ग्राम बघुआ के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र देकर सार्वजनिक रास्ते से अवैध कब्जा हटवाने की गुहार लगाई है। गांव के लोगों का आरोप है कि पांच दिन पूर्व रास्ते से कब्जा हटवाने गए राजस्वकर्मियों को भी मनबढ़ों ने भगा दिया। गांव के सैकड़ों लोगों का रास्ता अवरुद्ध हो गया है। मनबढ़ अब ग्रामीणों को जानमाल की भी धमकी दे रहे हैं।
गांव के अवधेश कुमार त्रिपाठी, बालस्वरूप कन्नौजिया, अशोक तिवारी, संदीप प्रजापति, सतीश, मल्लू, मोहम्मद उमर, सतेन्द्र यादव, जय प्रकाश, मोलहू आदि ने बताया कि उनके गांव और कोपिया की सीमा आपस में मिली है। गांव में जाने वाले रास्ते पर मनबढ़ ने इस बीच पिलर का निर्माण करा लिया है, जिसके चलते अब गांव में चार पहिया वाहन नहीं जा पा रहे है। गांव के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो वह असलहा निकाल लिये। इसकी जानकारी उपजिलाधिकारी के साथ ही पुलिस को दी गई तो राजस्वकर्मियों की टीम रास्ते की जांच के लिए पहुंची थी। रास्ते से अवैध कब्जा हटाने को कहा तो आरोपित भड़क गए और टीम को मौके से भगा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि कब्जा नहीं हटा तो पूरा गांव कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर धरना देगा।
सार्वजनिक रास्ते से हर हाल में कब्जा हटेगा। टीम जांच के लिए गई थी, लेकिन अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं सौंपी है। यदि अवैध कब्जा हुआ है तो आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राज नारायण त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी