वंदना पर प्रश्नमंच, आचार्यों ने अर्जित किया स्थान
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में मंगलवार को वंदना प्रश्न मंच प्रतियोगिता हुई।
संत कबीरनगर : विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में मंगलवार को वंदना प्रश्न मंच प्रतियोगिता हुई। कूड़ीलाल रूंगटा सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कालेज खलीलाबाद में आचार्यों की 11 टोली ने प्रतिभाग किया। अंक के आधार पर सभी को स्थान दिया गया। प्रथम, द्वितीय व तृतीय के साथ अन्य टोली को पुरस्कृत किया गया।
गोरक्ष प्रांत के प्रदेश निरीक्षक कमलेश के दिशा निर्देशन में वंदना से संबंधित मौखिक प्रश्न पूछने के साथ सस्वर वादन हुआ। प्रार्थना में ज्ञानदायिनी से मांगे जाने वाले गुण व लक्ष्य पर आचार्यों ने अपने ज्ञान का परिचय दिया। प्रदेश निरीक्षक ने कहा कि शिशु का सर्वांगीण विकास करना विद्या भारती का ध्येय है। प्रतियोगिता का उद्देश्य शिक्षा देने वाले आचार्य बंधुओं का स्वाध्यायी प्रवृत्ति का विकास करना है। प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि आचार्य अपने आचरण से शिक्षा देते हैं। इस दौरान प्रधानाचार्य अनिरूद्ध सिंह व विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।