बालगृह में नाबालिगों के साथ हुई घटना की हो जांच
अधिकारियों की लापरवाही और मिलीभगत से यह स्थिति आई है।
संत कबीरनगर : आम आदमी पार्टी (आप) के जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे। इन्होंने डीएम की नामौजूदगी में राज्यपाल को संबोधित तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुशील कुमार पांडेय को सौंपा। वक्ताओं ने कहा कि वैश्विक महामारी से पूरा देश जूझ रहा है। कानपुर के राजकीय बालगृह से आयी खबर रौंगटे खड़ी करने वाली है। कानपुर के बालगृह की सात बालिकाएं गर्भवती पाई गई हैं। एक बच्ची एड्स से ग्रसित मिली है। अधिकारियों की लापरवाही और मिलीभगत से यह स्थिति आई है। इस बालगृह की 57 लड़कियां कोरोना पॉजिटिव भी निकली हैं। देश और प्रदेश की जनता देवरिया महिला संरक्षण गृह और मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड के दर्द को भूल नहीं पाई है। इसके बाद कानपुर की यह घटना चौंकाने वाली है। इस अवसर पर सूर्य प्रकाश त्रिपाठी, सौम्येंद्र प्रताप श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, प्रतिमा यादव आदि उपस्थित रहे।