रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, मुकदमा
दोनों पक्षों की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।

संतकबीर नगर : दुधारा थानाक्षेत्र के हुजूरा सुहावां गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। दोनों पक्षों की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
हुजुरा सुहावां निवासी रूदल ने पुलिस को दिए तहरीर में गांव निवासी कुछ मनबढ़ों पर गोलबंद होकर दरवाजे पर चढ़कर पीटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मनबढ़ों ने उनके पक्ष के छह लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष की सरोजा देवी पत्नी चंद्रभान ने आरोप लगाया कि 10-12 की संख्या में दूसरे पक्ष के लोग उनके घर पर चढ़कर मारपीट की। इस घटना में कुछ लोगों को चोटें आईं हैं। थानाध्यक्ष सर्वेश राय ने बताया कि दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ घर पर चढ़कर पीटने की शिकायत मिली है। दोनों की तहरीर पर एक दूसरे के खिलाफ बलवा, कोविड महामारी उल्लंघन सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। स्टैंड में साइकिल रखने को लेकर वादकारी की पिटाई
संतकबीर नगर : मेंहदावल तहसील के साइकिल स्टैंड पर बुधवार को साइकिल न जमा करने पर स्टैंड के संरक्षक ने वादकारी की पिटाई कर दी गई। इससे सिर में चोट लग जाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
तहरीर में मेंहदावल के रामप्रवेश ने लिखा है कि वह बुधवार को अपने मुकदमे को लेकर साइकिल से तहसील परिसर में जा रहे थे। इसी दौरान गेट पर स्टैंड के लोगों ने उन्हें रोक लिया और साइकिल को स्टैंड में जमा कराने का दबाव बनाने लगे। इसके बाद वह साइकिल कुछ दूरी पर सड़क पर खड़ी कर अंदर जाने लगे तो स्टैंड के मनबढ़ों ने उन्हें बुरी तरह से पीटा। उनके सिर पर लाठी से वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। वादकारी की पीटाई की जानकारी होने पर अधिवक्ता भी नाराज हुए और स्टैंड संचालक के विरूद्ध कार्रवाई के लिए एसडीएम को पत्र दिया। इस बारे में मेंहदावल के थानेदार जयवर्धन सिंह ने बताया की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। महिला के साथ छेड़खानी, मुकदमा
संतकबीर नगर : कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने घर में घुसकर महिला के साथ छेड़खानी करने के मामले में बुधवार को आरोपित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
एक गांव निवासी महिला ने कोतवाली खलीलाबाद थाने में दी गई तहरीर में यह उल्लेख किया है कि उसके पति मुंबई में जीविकोपार्जन करते हैं। बीते मंगलवार की रात वह घर में अपने दो बच्चों के साथ सो रही थी। रात के करीब 12 बजे उनके गांव का जितेंद्र उनके घर में घुस गए। उनके साथ अश्लील हरकत करने लगे। विरोध करने पर जानमाल की धमकी देने लगे। उनके शोर मचाने पर यह युवक फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी विजय नारायण प्रताप ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपित जितेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Edited By Jagran