बारिश से खेती गुलजार, पानी भरने से समस्या
बारिश की आस लगाए लोगों को लिए शनिवार का दिन भी ठीक रहा।
संत कबीरनगर : बारिश की आस लगाए लोगों को लिए शनिवार का दिन भी ठीक रहा। लगातार दूसरे दिन झमाझम बारिश हुई। उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने के साथ ही किसानों के चेहरे खिल गए। धान की रोपाई का कार्य भी तेजी से हो रहा है। यह बात और है कि जलनिकासी बाधित होने से कई गांव और कस्बों में जलजमाव की समस्या सामने आई है।
धान की नर्सरी तैयार करने के बाद किसानों को आसमान से पानी बरसने की आस थी। इस बार मानसून समय से आया। शुक्रवार को बारिश का सिलसिला आरंभ हुआ तो लोग खेतों की तरफ चल पड़े। हर गांव में रोपाई के लिए मजदूरों की तलाश होने लगी। किसान भोला यादव, रंगनाथ सिंह, रामभरत आदि ने कहा कि समय से बारिश होने से बहुत लाभ मिला है। पंपसेट से पानी चलाने की जहमत नहीं उठानी पड़ रही है और जलस्तर भी ऊपर आ रहा है। सभी ने इसे सुखद बताया। इसी प्रकार मौसम का मिजाज रहा तो धान का बेहतर उत्पादन हो सकेगा। माकूल मौसम होने से किसान खुश हैं। खेत भी रोपाई कर रही महिलाओं के कजरी गीतों से गुलजार हो गया है। जल जमाव से बढ़ी दिक्कतें
सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और बारिश होती रही। राष्ट्रीय राजमार्ग पर फ्लाई ओवर के किनारे दोनों तरफ, डीघा, कोतवाली की क्षतिग्रस्त सड़क पर पानी लग गया। खलीलाबाद बाईपास से बघौली जाने वाले मार्ग पर कीचड़ भर गया। जिला संयुक्त चिकित्सालय गेट, खलीलाबाद जूनियर हाईस्कूल परिसर, पुरानी तहसील, मीट मंडी मार्ग, वन चेतना कार्यालय के सामने, पटखौली आदि स्थानों पर कीचड़-पानी से लोगों को कठिनाई झेलनी पड़ रही है। यही हाल पूरे जनपद का रहा। अधिकतर चौराहों पर पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई।
--
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखिरा के परिसर में भर गया पानी जासं, बखिरा, संत कबीरनगर : दो दिन से हो रही बारिश से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखिरा जलमग्न हो गया।यह पहली बार नहीं हुआ है बल्कि हर बारिश के दौरान होता रहता है। कस्बा निवासी राजेश गुप्ता, दयाशंकर गुप्ता, बलराम कसेरा, रमाकांत, रामा, मनीष आदि का कहना है कि हल्की बारिश होने पर भी पीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ठप हो जाती हैं। इसके बाद भी कोई इंतजाम नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों के आवासों में भी बारिश का पानी भर जाता है। सभी ने अस्पताल परिसर से जल निकासी का प्रबंध करवाने की मांग की।