डीएम ने खलीलाबाद कस्बे में लिया सफाई का जायजा
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अपर जिलाधिकारी संजय कुमार पांडेय के साथ नगरपालिका खलीलाबाद क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।
संतकबीर नगर : जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अपर जिलाधिकारी संजय कुमार पांडेय के साथ नगरपालिका खलीलाबाद क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। सुबह सात बजे से शहर के मुख्य मार्गों पर पहुंचकर उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था देखी। कई स्थानों पर गंदगी व कूड़ा पड़ा देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल हटवाने का निर्देश दिया।
जांच के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों पर विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया जाना चाहिए। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अधिकारी बीना सिंह से उन्होंने बेसहारा पशुओं को पकड़वाकर गोआश्रय केंद्रों पर भेजवाने का निर्देश दिया। डीएम ने समय माता मंदिर, बरदहिया बाजार दुर्गा मंदिर, पुरानी तहसील,सब्जी मंडी, गोला बाजार, शिव मंदिर, एचआरपीजी कालेज मार्ग, रेलवे स्टेशन माल गोदाम आदि स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। गोला बाजार व बंजीरया मार्ग पर कर्मी सफाई करते मिले। उन्होंने रुककर सफाई कर्मियों की सराहना की। मौके पर नपा कर्मी गोरखनाथ यादव, पंकज कुमार, उमेशचंद्र चौधरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।