प्रावि के निर्माण कार्य में मानक की अनदेखी पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
खंड शिक्षा अधिकारी से प्रकरण की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की मांग की
संतकबीर नगर: बेलहरकलां ब्लाक के ग्राम पंचायत कुल्हड़ियां में प्राथमिक विद्यालय के निर्माण कार्य में मानक की अनदेखी का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों ने रविवार को निर्माण स्थल पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया। खंड शिक्षाधिकारी से निर्माण कार्य की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
प्रदर्शन कर रहे ग्राम पंचायत कुल्हड़िया के ग्रामीण समीउल्लाह खां, हरिकेश गुप्ता, राम अवतार यादव, रामनरेश यादव, कुलदीप शर्मा, राजेश यादव, गुड्डू विश्वकर्मा, रामजतन, शहजादे, मुस्तकीम आदि ने विरोध जताते हुए कहा कि मानक की अनदेखी कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसमें सही सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। इससे भविष्य में विद्यालय भवन कमजोर हो सकता है। भविष्य में इसके जल्द ढहने की संभावना रहेगी। इससे बच्चों पर खतरा हो सकता है। उपजिलाधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय कुल्हड़िया में निर्माण कार्य अगर मानक के अनुरूप नहीं हो रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। मामला सही मिलने पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पांच को मनेगा गुरुगोविद सिंह का प्रकाशोत्सव
संतकबीर नगर: वीरता के पुंज, ज्ञान, भक्ति व शक्ति प्रणेता दशम गुरु गोविद सिंह का प्रकाशोत्सव पांच जनवरी को खलीलाबाद गुरुद्वारा में श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। प्रकाशोत्सव पर अखंड पाठ होगा। व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा करके गुरु के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया जाएगा। अंत में लंगर में लोगों में प्रसाद का वितरण किया जाएगा। यह जानकारी रविवार को गुरुद्वारा के अध्यक्ष अजीत सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि समारोह के बाद पटना साहिब में नौ जनवरी को होने वाले कार्यक्रम में संगत हिस्सा लेगी।