जिले में पहुंची एसएसबी की साइकिल यात्रा, स्वागत
खलीलाबाद के बाद यात्रा मेंहदावल के लिए रवाना हुई। दोपहर एक बजे जवानों की साइकिल यात्रा मेंहदावल पहुंची। यहां पर पहले से ही पुलिस के जवान मौजूद थे। एसएसबी के जवानों को मेंहदावल के थानेदार ने भोजन कराया तथा उन्हें रवाना किया।
संतकबीर नगर : असम के तेजपुर से सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के जवानों की निकली साइकिल यात्रा गुरुवार को संतकबीर नगर पहुंची। जवानों का लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया। भारत माता की जय के नारे से संतकबीर की धरती पर जवानों की अगवानी की गई।
खलीलाबाद में विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे की अगुवाई में नगरवासियों ने यात्रा का स्वागत किया। विधायक ने कहा कि जवान हमारी शान हैं। पूरा देश चैन से इसलिए सोता है, क्योंकि हमारे जवान सरहद पर हमारी रक्षा के लिए दिन-रात जागते हैं। रामाशीष उपाध्याय, अमरेश बहादुर सिंह, विजय यादव, आनंद यादव आदि मौजूद रहे।
खलीलाबाद के बाद यात्रा मेंहदावल के लिए रवाना हुई। दोपहर एक बजे जवानों की साइकिल यात्रा मेंहदावल पहुंची। यहां पर पहले से ही पुलिस के जवान मौजूद थे। एसएसबी के जवानों को मेंहदावल के थानेदार ने भोजन कराया तथा उन्हें रवाना किया। यह साइकिल यात्रा बीएमसीटी मार्ग से नंदौर, दुधारा, सेमरियावां होते हुए बस्ती जनपद के लिए निकली। स्वतंत्रता का जश्न मनाने के उद्देश्य से सीमा सुरक्षा बल के जवानों की टोली साइकिल यात्रा करते हुए 15 अगस्त को असम के तेजपुर से निकली। दो अक्टूबर को दिल्ली के राजघाट पहुंचकर साइकिल यात्रा का समापन होगा। यात्रा के दौरान जनपद स्तरीय एसएसबी टीम व स्थानीय पुलिस के जवान सपोर्ट कर रहे हैं। साइकिल यात्रा के दौरान जहां कहीं भी शहीद के परिवार मिल रहे हैं, जवान उनका सम्मान कर हैं तथा उन्हें स्वतंत्रता के जश्न में शामिल किया जा रहा है। एसएसबी के जवानों को देखकर स्थानीय लोगों में देशभक्ति की भावना उमड़ पड़ी। सुबह से ही मेंहदावल के चौराहों पर रास्ते को खाली करने के लिए पुलिसकर्मी लगाए गए थे, जिससे एसएसबी के जवानों को साइकिल मार्च करने में कोई दिक्कत न हो। एसएसबी के जवानों ने बताया कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर जश्न मनाने के उद्देश्य से यह साइकिल यात्रा निकाली गई है। लोगों में देशभक्ति की भावना भरने के लिए सीमा सुरक्षा बल के जवान बारिश, तेज धूप आदि की परवाह किए बिना इस यात्रा पर हैं।