वन संरक्षकों ने की बखिरा पक्षी विहार की जांच
संतकबीर नगर लखनऊ से आई मुख्य वन संरक्षकों की टीम ने गुरुवार को बखिरा पक्षी विहार की जांच की। दो धंटे चली जांच में अधिकारियों ने तथ्यों की जानकारी ली और तस्वीर ली। कहा कि शीघ्र ही रिपोर्ट शासन को देंगे।
संतकबीर नगर : लखनऊ से आई मुख्य वन संरक्षकों की टीम ने गुरुवार को बखिरा पक्षी विहार की जांच की। पक्षी बिहार को पर्यटन स्थल बनाने के लिए तथ्य जुटाए और तस्वीरें लीं। लखनऊ से मुख्य वन संरक्षक अतुल जिदल, एपी पाठक, अजय कुमार, बीके चोपड़ा व राजेश कुमार गुरुवार को शाम के करीब चार बजे बखिरा पक्षी विहार में पहुंचे। सभी अधिकारी डीएफओ डा. टी रंगाराव के साथ लगभग दो घंटे तक झील का निरीक्षण किए। उन्होंने नाव के सहारे झील का जायजा भी लिया। इसके अलावा झील तक जाने के लिए रास्ता, किसानों की भूमि के सीमांकन का सत्यापन किया। बखिरा झील के निरीक्षण के दौरान इन अधिकारियों ने डीएफओ से झील से संबंधित विभिन्न बिदुओं पर विमर्श किया। झील का सीमांकन, अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए यहां पर लगाए गए तार, सुरक्षा के लिए लगे वाच टावर, पर्यटकों के ठहरने के इंतजाम की स्थिति देखी। झील के किनारे मार्ग को विकसित करने की जरूरत बताई। निरीक्षण के दौरान रेंजर रणविजय सिंह, दिलीप तिवारी, राजेंद्र प्रसाद, जयराम, योगेंद्र के अलावा कई अन्य स्टाफ कर्मी मौजूद रहे।
टीम ने की निर्माणाधीन कारागार की जांच
संतकबीर नगर: जिलाधिकारी द्वारा गठित टीम ने गुरुवार को निर्माणाधीन जिला कारागार की जांच की और निर्धारित समय में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि टीम में तीन विभागों के अधिशासी अभियंता, सीओ धनघटा व जेलर को शामिल किया है। टीम से सप्ताह भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर गुणदोष के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।