और मुख्यमंत्री के आगमन की होने लगी तैयारियां
सूचना मिली कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संत कबीरनगर पहुंच सकते हैं।
संत कबीरनगर : गुरुवार की सुबह जिलाधिकारी के मोबाइल पर लखनऊ से सूचना मिली कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संत कबीरनगर पहुंच सकते हैं। फिर क्या था कि पूरा प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। अधिकारियों की गाड़ियां सड़कों पर निकल पड़ी। हेलीपैड तैयार हो गया। सीएम से संबंधित रास्तों की सफाई शुरू हो गई। फाइलों को दुरुस्त किया जाने लगा। कोरोना से संबंधित हर जानकारी साझा की जाने लगी। ग्यारह बजते-बजते सारी तैयारी पूरी हो गई।
सुबह-सुबह बड़ी संख्या में नगर पालिका के कर्मी सफाई अभियान में जुट गए। सड़कों के किनारे उगे झाड़-झंखाड़ को जेसीबी से साफ करवाया जाने लगा। सड़कों की सफाई के साथ ही अस्पताल, पुलिस लाइन और जिला मुख्यालय में तैयारियां शुरू हो गईं। हर चौराहे पर पुलिस मुश्तैद कर दी गई। सड़क पर निकल रहे लोगों को वापस किया जाने लगा। बिना मास्क के बाहर घूमने वालों पर पुलिस की सख्ती शुरू हो गई। पुलिस की तेजी देख लोगों को लग रहा था कि कोई वीआइपी आने वाला है। जिलाधिकारी रवीश गुप्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना पर तैयारी हो रही थी। बाद में पता चला कि वह नहीं आ रहे हैं।