कर्तव्य के प्रति हमेशा मुस्तैद रहें पुलिसकर्मी: एसपी
उन्होंने कहा कि आप अपने कर्तव्य के प्रति हमेशा मुस्तैद रहें।
संतकबीर नगर : पुलिस अधीक्षक सोनम कुमार ने पुलिस लाइन में शुक्रवार को परेड की सलामी लेकर उसका निरीक्षण किया। परेड में सम्मिलित पुलिस कर्मियों के टर्नआउट को चेक करते हुए सभी अधिकारी व कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान उच्च कोटि की वर्दी पहनने व जनता से मधुर व्यवहार स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आप अपने कर्तव्य के प्रति हमेशा मुस्तैद रहें। पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से फीट रहने के लिए उन्होंने दौड़ लगवाया।
एसपी ने परेड के बाद यूपी-112 की गाड़ियों का निरीक्षण किया। पीआरवी पर तैनात पुलिस कर्मियों से वाहनों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण, सुरक्षा उपकरणों की जांच की। अग्निशमन वाहनों का भी निरीक्षण करते हुए आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए निर्देश दिया। इसके बाद बैरक, पुलिस मेस, शौचालय, भोजनालय इत्यादि का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन की बेहतर साफ-सफाई के लिए प्रतिसार निरीक्षक को निर्देशित किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन राजीव कुमार यादव, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा समेत अनेक पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सेमरियावां में पैदल गश्त कर एसपी ने किया जन संवाद
संतकबीर नगर : एसपी सोनम कुमार ने कहा कि अफवाहों से बचकर सभी को विवादों से परे रहते हुए कानून के दायरे में रहकर कार्य करना होगा। न्यायपालिका पर सभी को विश्वास रखना चाहिए। उपद्रव करने का प्रयास करने वाले किसी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। शुक्रवार को सेमरियावां कस्बे में एसपी ने पुलिस कर्मियों के साथ पैदल गश्त किया। उन्होंने चौराहों और नुक्कड़ों पर मौजूद लोगों से संवाद करके आपसी मेल-मिलाप बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस हर समय मदद के लिए तैयार है। अफवाहों पर विश्वास करके उपद्रव करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी। एसपी ने लोगों को समझाने के साथ ही चेताया भी।मौके पर थानाध्यक्ष सर्वेश राय, उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव, शशि कांत तिवारी, वीरेंद्र कुमार समेत अनेक पुलिस कर्मी मौजूद रहे।