युवा हिंदू वाहिनी सम्मेलन में अमर सिंह बोले, अखिलेश ने सत्ता सुख के लिए पिता को पद से हटाया
राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने कहा कि सत्ता सुख के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश ने मर्यादा को ताक पर रख पिता को किनारे कर दिया।
संतकबीरनगर (जेएनएन)। सपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने कहा कि सत्ता सुख के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मर्यादा को ताक पर रखकर अपने पिता को किनारे कर दिया। यह भगवान श्रीराम का देश है। श्रीराम ने पिता की आज्ञा का पालन करते हुए राजसुख को त्यागकर 14 साल वनवास में गुजारे। यही नहीं, यह श्रवण कुमार का देश है, उन्होंने अपने वृद्ध माता-पिता को कांवर में बैठाकर तीर्थाटन कराया। अखिलेश को इनसे सीख लेनी चाहिए। कहा कि एक झंडा-एक संविधान का सिद्धांत देश के लिए उचित है। एक समुदाय विशेष के लिए कहा कि ये रोटी इस देश का खाएंगे पर याद दाऊद इब्राहिम को करेंगे।
आजम को आसुरी शक्ति बताया
अमर सिंह रविवार को संतकबीर की महापरिनिर्वाण स्थली मगहर स्थित कबीर चौरा परिसर में राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय महाहिंदुत्व सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। अमर ङ्क्षसह ने सबसे पहले कबीर की समाधि स्थल और मजार पर मत्था टेका। यहां के महंत विचार दास से बातचीत की। इसके बाद वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष नीलकमल मिश्र द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहां पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ की नीतियों की प्रशंसा की। संबोधन के दौरान जय श्रीराम का नारा गूंजता रहा। उन्होंने आजम को आसुरी शक्ति बताया। बुआ और बबुआ से देश व प्रदेश को बचाने की बात की। कहा कि राफेल सौदा फ्रांस की एक कंपनी और देश के एक उद्योगपति के बीच का मामला है। विपक्ष बेवजह पीएम मोदी और भाजपा को न घेरे। साथ ही सवाल किया कि क्या पूर्व में केंद्रीय वित्तमंत्री रहे पी. चिदंबरम का अंबानी से कोई संबंध नहीं था।