नौदरिया पुल से आमी नदी में कूदा युवक
एक युवक ने पुल से आमी नदी में अचानक छलांग लगा दी।
संत कबीरनगर : एक युवक ने पुल से आमी नदी में अचानक छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। वहीं इसकी जानकारी मिलने पर युवक के परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
कोतवाली खलीलाबाद थानाक्षेत्र के मगहर पुलिस चौकी अंतर्गत मोहनलालपुर मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय संतोष गुप्त गुरुवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे नौदरिया पुल से आमी नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर मगहर चौकी के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में जुटे रहे। काफी खोजबीन करने पर भी युवक नहीं मिला। इस युवक की शादी लगभग आठ वर्ष पूर्व बस्ती जनपद के टिनिच आमा में हुई थी। इस युवक की चार वर्षीय बेटी श्रेया व डेढ़ वर्षीय बेटी काव्या है। इस युवक का पत्नी से अक्सर विवाद होता था। वहीं पत्नी ने कहा कि गुरुवार की सुबह वह अपने दोस्त के साथ बाइक से निकले थे। कुछ देर बाद पति के नदी में कूदने की सूचना मिली। इसके बाद वह परिवार के साथ घटनास्थल पर पहुंची। भदोही जनपद के रक्षपूरा चौराहा निवासी विनय कुमार गुप्त ने कहा कि फेसबुक के जरिए एक साल पूर्व उनकी दोस्ती संतोष गुप्त से हुई थी। वे संतोष के बुलाने पर 30 जून 2020 को मगहर स्थित इनके घर आये। जब-जब वह अपने घर भदोही जाने के लिए तैयार होता था तब-तब संतोष उसे जाने से रोक लेता था। गुरुवार की सुबह बाइक से उसे छोड़ने के बहाने घर से निकला। जैसे ही आमी नदी के नौदरिया पुल पर पहुंचा, वैसे ही अचानक बाइक रोका और दौड़कर पुल से नदी में छलांग लगा दी। मगहर चौकी इंचार्ज आनंद सिंह ने कहा कि खोजबीन के बाद भी युवक का पता नहीं चला है।