टीकाकरण के लिए जिले में आई 7750 डोज वैक्सीन
डीएम दिव्या मित्तल एसपी डा. कौस्तुभ सीएमओ डा. हरगोविद सिंह एसीएमओ डा. मोहन झा जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एस रहमान डा. एके सिन्हा सुशील कुमार मौर्य आदि की निगरानी में इसे रखवाया गया। यह वैक्सीन दो से आठ डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच रखी जाएगी।
संतकबीर नगर: शासन स्तर से जिले में बुधवार को शाम के करीब सात बजे 7750 डोज कोरोना वैक्सीन मिल गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच इसे जिला अस्पताल के कोल्ड चेन में सुरक्षित ढंग से रखवा दिया गया है।
डीएम दिव्या मित्तल, एसपी डा. कौस्तुभ, सीएमओ डा. हरगोविद सिंह, एसीएमओ डा. मोहन झा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एस रहमान, डा. एके सिन्हा, सुशील कुमार मौर्य आदि की निगरानी में इसे रखवाया गया। यह वैक्सीन दो से आठ डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच रखी जाएगी। प्रथम चरण में यह वैक्सीन जनपद के कुल 6808 स्वास्थ्य कर्मियों को लगाई जाएगी। इनमें सरकारी व प्राइवेट स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। 16 जनवरी को टीका लगाने का कार्य किया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाने के बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य लोगों को यह लगाया जाएगा। इसके लिए कुल 25 बूथ बनाए गए हैं। डीएम दिव्या मित्तल ने यह जानकारी दी है।
95 वर्षीय महिला समेत आठ मिले पाजिटिव
बुधवार को कोरोना के 1901 नमूनों की जांच रिपोर्ट आई। इसमें एक 95 वर्षीय महिला समेत आठ लोग कोरोना पाजिटिव मिले हैं। इसमें सर्वाधिक खलीलाबाद के चार, सांथा के दो, नाथनगर व खलीलाबाद ब्लाक के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। जबकि 1893 लोग जांच में निगेटिव मिले हैं। तीन पाजिटिव मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने बताया कि बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में खलीलाबाद ब्लाक के फेरूसा गांव के एक 70 वर्षीय पुरुष, घोरखल मोहल्ला के एक 28 वर्षीय युवक, खलीलाबाद का 30 वर्षीय युवक व मोहद्दीनपुर की एक 95 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिलीं। इसके साथ ही सांथा ब्लाक के जखिनियां गांव के एक 65 वर्षीय पुरुष व एक 17 वर्षीय किशोर, बघौली ब्लाक के गंगोली गांव की एक 45 वर्षीय महिला तथा नाथनगर ब्लाक के नाथनगर गांव की एक 70 वर्षीय महिला जांच में कोरोना पाजिटिव निकली हैं। अब तक कोरोना के 269896 नमूनों की जांच हो चुकी है। इसमें 3323 पाजिटिव और 257118 निगेटिव मिले हैं। अब तक 3258 कोरोना पाजिटिव मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं 65 पाजिटिव मरीजों का उपचार चल रहा है। एसजीपीजीआइ-लखनऊ से कोरोना के 667 नमूनों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।