सात योजनाओं का काम पूरा, 71.44 करोड़ रुपये खर्च
संतकबीर नगर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत जनपद में सात योजनाओं का काम प
संतकबीर नगर : प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत जनपद में सात योजनाओं का काम पूरा हो गया है। इन योजनाओं के जरिए विभिन्न विकास कार्यक्रम कराए गए। लक्ष्य 96.66 करोड़ की तुलना में अब तक 71.44 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। कोरोना संकटकाल में गैर जनपदों व प्रांतों से आए प्रवासी कामगारों को गांव में काम मिला।
मनरेगा के तहत जल संरक्षण के कार्य कराए गए। लक्ष्य 2,066 के तुलना में 2,275 विकास कार्यक्रम किए गए। लक्ष्य एक की जगह पांच कुआं खोदकर काम पूरा किया गया। लक्ष्य 22 की जगह 32 बकरा पालन के लिए शेड बनाया गया। लक्ष्य 30 की जगह 88 वर्मी कंपोस्ट खाद तैयार करने के लिए गड्ढे खोदे गए। लक्ष्य 61 की जगह 68 आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कराया गया। ठोस अपशिष्ट पदार्थो के निस्तारण के लिए 493 कार्य किए गए। ऐसा करके प्रवासी कामगारों व अन्य लोगों के लिए लक्ष्य 31,09,680 के सापेक्ष 20,01,329 मानव दिवस का सृजन किया गया। मनरेगा से इन कार्यों पर लक्ष्य 86.06 करोड़ के तुलना में 62.79 करोड़ रुपये खर्च हुआ।
भारत नेट के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में लक्ष्य 100 किमी की जगह 131.02 किमी तक आप्टिकल फाइबर केबल(ओएफसी) बिछाया गया। इसके अलावा 259 वाई-फाई हाटस्पाट कनेक्शन दिए गए। इस पर 5.04 करोड़ रुपये खर्च हुए। बेकारी दूर करने के लिए विभिन्न ट्रेड में 560 लोगों का कौशल विकास किया गया। इसके अलावा अन्य कार्य कराए गए।
शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत विकास विभाग से संबंधित विभिन्न कार्य करवाकर प्रवासी कामगारों को गांव में ही काम दिलाया गया।
प्रमोद कुमार यादव, परियोजना निदेशक