पांच पुलिस कर्मी समेत 52 लोग निकले पॉजिटिव
सोमवार को 702 स्वाब के सैंपल की रिपोर्ट आई।
संत कबीरनगर : सोमवार को 702 स्वाब के सैंपल की रिपोर्ट आई। इसमें 650 निगेटिव और सीओ कार्यालय के पांच पुलिस कर्मी समेत 52 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। 14 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंचे। बहरहाल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर अब 774 हो गई है। बढ़ती संख्या से लोगों में कोरोना के प्रति भय बढ़ता जा रहा है।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने कहा कि सीओ कार्यालय-खलीलाबाद में तैनात पांच पुलिस कर्मी जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। ब्लाकवार आंकड़ों पर नजर डालने पर पाएंगे कि इस जनपद में सर्वाधिक खलीलाबाद में 22, हैंसर बाजार में 10, मेंहदावल में सात, सेमरियावां व सांथा में चार-चार, बघौली में तीन तथा नाथनगर ब्लाक में दो कुल 52 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इन्हें सेंट थामस इंटर कालेज-खलीलाबाद के कोरोना वार्ड में भर्ती कर दिया गया। इसके इतर 14 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंचे। अब तक 20,695 स्वाब के सैंपल की जांच हो चुकी है। इसमें 18,551 निगेटिव और 774 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब तक कोरोना से दस लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 540 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पर पहुंचे हैं। वर्तमान में 224 पॉजिटिव मरीजों का कोरोना वार्ड में उपचार चल रहा है।