200 निगेटिव और एक युवक निकला कोरोना पॉजिटिव
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने कहा कि जिले के संक्रमित मरीजों के ठीक होने की रफ्तार करीब चालीस फीसद है। कोरोना को लेकर लोग सजग हैं। स्वास्थ्य विभाग भी हर दिन पर्याप्त मात्रा में संदिग्धों की जांच करवा रहा है।
संत कबीरनगर : बुधवार को 201 लोगों की जांच रिपोर्ट आई। इसमें 200 निगेटिव और एक युवक कोरोना पॉजिटिव निकला। जनपद में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 118 हो गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद में भर्ती चार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की दूसरी जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई।
जांच रिपोर्ट में नाथनगर ब्लाक के लखनापार गांव के निवासी 35 वर्षीय एक युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसे सेंट थामस इंटर कालेज खलीलाबाद के कोरोना एल वन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अभी तक 2,604 लोगों के स्वाब के नमूने की जांच कराई जा चुकी है। इसमें 1,728 निगेटिव व 118 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब तक छह लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है, वहीं 47 लोग इलाज के बाद स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। 747 लोगों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने कहा कि जिले के संक्रमित मरीजों के ठीक होने की रफ्तार करीब चालीस फीसद है। कोरोना को लेकर लोग सजग हैं। स्वास्थ्य विभाग भी हर दिन पर्याप्त मात्रा में संदिग्धों की जांच करवा रहा है। जिले में करीब एक लाख प्रवासी आए हैं। सबकी थर्मल स्क्रीनिंग हुई है। सभी लोग होम क्वारंटाइन हैं। कुछ लोग क्वारंटाइन की अवधि पूरी कर चुके हैं।