पोखरे में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत
दुधारा थानाक्षेत्र के पचपोखरिया गांव में मंगलवार को एक किशोर की पोखरे मे डूबने से मौत हो गई।
संत कबीरनगर : दुधारा थानाक्षेत्र के पचपोखरिया गांव में मंगलवार को एक किशोर की पोखरे मे डूबने से मौत हो गई। गांववासियों ने शव को पोखरे से बाहर निकाला। परिवार के सदस्यों ने किशोर का दाह संस्कार कर दिया।
गांव के अनिल कुमार विश्वकर्मा का 13 वर्षीय बेटा आनंद कुमार मंगलवार को दोपहर के करीब एक बजे अपने दोस्तों के साथ टहलने निकला था। वह गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित पोखरे के पास पहुंचा। पोखरे में बेर्रा (खाद्य वस्तु) निकालने के लिए प्रयास करने लगा। इसी दरम्यान वह पोखरे में डूबने लगा। यह देखकर उसके साथियों ने उसकी मदद के लिए शोर मचाया। कुछ देर बाद गांव के लोग पोखरे के पास पहुंचे। घटना के करीब आधा घंटा के बाद बच्चे के शव को पोखरे से निकाला गया। इससे मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। कक्षा पांचवीं का छात्र था आनंद अनिल कुमार विश्वकर्मा पहले मुंबई में जीविकोपार्जन करते थे। लाकडाउन लगने के बाद अप्रैल में वह गांव आ गए थे। उनके दो बेटे थे। इसमें सबसे बड़ा बेटा आनंद था। वह गांव से करीब दो किमी दूर छाता गांव स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा पांचवीं का छात्र था। उसकी मौत ने इस गरीब परिवार की खुशियां छीन लीं।