दस्तक अभियान के जरिए टीबी रोगियों की होगी खोज
बहजोई स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद मे दस्तक अभियान के अंतर्गत घर घर जाकर टीबी रोगियों को खोज
बहजोई: स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद मे दस्तक अभियान के अंतर्गत घर घर जाकर टीबी रोगियों को खोजा जाएगा और उनका उपचार भी तत्काल किया जाएगा। जिसको लेकर सीएमओ ने संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
जनपद में गर्मियों में संक्रमक बीमारियों की दस्तक के साथ ही डेंगू, मलेरिया, डायरिया, हिपेटाइटिस समेत अन्य रोगों की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से आगामी एक मार्च से संचारी रोग नियंत्रण अभियान व 10 मार्च से दस्तक अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के जरिए स्वास्थ्य विभाग लोगों को इन बीमारियों के प्रति जागरूक करेगा। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार सक्सेना ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा कर्मी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर घर जाकर टीबी के मरीजों के बारे में जानकारी करेंगे। संदिग्ध मरीज मिलने पर उसकी जांच कराई जाएगी। यदि रिपोर्ट पॉजीटिव आती है। तो तत्काल उसे उपचार के लिए ले लिया जाएगा। यह सभी कवायद केंद्र सरकार के वर्ष 2025 तक टीबी को भारत से समाप्त करने का लक्ष्य को पूरा करने के लिए की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस बार क्षय रोगियों को चिह्नीकरण करने का भी निर्णय लिया गया है। क्षय रोग विभाग का समस्त स्टाफ, फील्ड में काम करने वाला स्टाफ दस्तक अभियान के दौरान आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ रहेगा। तथा घर घर भ्रमण के दौरान क्षय रोग के लक्षण की जानकारी लोगों को दी जाएगी। यदि किसी में लक्षण दिखाई देते हैं। तो संबंधित सरकारी अस्पताल के एमोआईसी को सूचित कर उपचार शुरू कराया जाएगा। उधर जिला मलेरिया अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का पहला चरण एक मार्च से 31 मार्च तक चलेगा। दस्तक अभियान 10 मार्च से 24 मार्च तक चलाया जाएगा। जिसके अंतर्गत आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी वर्कर्स घर घर जाकर लोगों को संचारी रोग के प्रति जागरूक करेगी।
स्वास्थ्य विभाग होगा नोडल विभाग
पहली बार संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान के दौरान जिले के सभी अंतरविभागों को एक साथ मिलकर कार्य करना होगा। वहीं नगर विकास, पंचायती राज विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास एंव पुष्टाहार विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, कृषि एंव सिचाई विभाग, सूचना विभाग, उद्यान विभाग सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। बिन्दूबार रिपोर्ट तैयार कर सप्ताह के हर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के साथ अपने विभाग के राज्य मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
अभियान के अंतर्गत कराई जाएगी साफ सफाई
संचारी रोग नियंत्रण अभियान में पंचायती राज, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत, के स्तर से क्षेत्रों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, फॉगिग व लार्वारोधी का छिड़काव किया जाएगा। शुद्ध पेयजल के लिए इंडिया मार्का हैंडपंप को लगवाने व ऐसे हैंडपंप जिनका पानी दूषित है। उनको चिन्हित कर लाल रंग से क्रास किया जाएगा।