पुलिस ने पकड़ी ई-कचरा जलाने की फैक्ट्री
फैक्ट्री में तैयार की जा रही थी एल्यूमीनियम की छड़, एक आरोपित गिरफ्तार जागरण संवाददाता, चन्दौसी :
फैक्ट्री में तैयार की जा रही थी एल्यूमीनियम की छड़, एक आरोपित गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, चन्दौसी : बनियाठेर थाना पुलिस ने अवैध रूप से चल रही ई-कचरा फैक्ट्री पकड़ी है। ई-कचरा गलाकर एल्यूमीनियम की छड़ तैयार की जा रही थीं। पुलिस ने मौके से एल्यूमीनियम की 82 छड़ व अन्य उपकरण बरामद किए हैं। एक आरोपित भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेज दिया है।
नरौली पुलिस चौकी क्षेत्र में ई-कचरा जलाना अभी बंद नहीं हुआ है। करीब एक माह पहले भी पुलिस ने अवैध रूप से चल रही ई-कचरा फैक्ट्री पकड़ी थी। शनिवार को छापेमारी करके एक बार फिर से अवैध रूप से चल रही ई-कचरा फैक्ट्री पकड़ी है। मुखबिर की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रवीन सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अजीमगंज गांव में ख्वाजा गरीब नवाज ईंट भट्ठे के निकट छापेमारी की। वहां से पुलिस ने ई-कचरा फैक्ट्री पकड़ी। ई-कचरा जलाकर एल्यूमीनियम की छड़ तैयार की जा रही थी। पुलिस ने मौके से छड़ बनाने वाली 20 डाई, एल्यूमीनियम की 82 छड़, ई-कचरा जलाने वाली भट्ठी, पंखा, लोहे का पल्टा, जाली व पाइप व एक कुंतल इलैक्ट्रॉनिक कंडेंसर बरामद किए है। थानाध्यक्ष प्रवीन सोलंकी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित जनेटा गांव निवासी अनीस उर्फ जुम्मा है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेज दिया है। ई-कचरा जलाकर वह वायु प्रदूषण कर रहा था। जिससे जनमानस को हानि पहुंचने की संभावना बनी हुई थी।