बापू की प्रतिमा के सामने रो पड़े थे सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष, मुकदमा दर्ज होने पर पालिका के लिपिक ने कही ये बड़ी बात Sambhal News
लिपिक प्रमोद वाल्मीकि ने बताया कि गांधी जी की प्रतिमा के पास खड़े होकर मैंने सिर्फ यहीं बताया कि अहिंसा की नौटंकी करने वालों के खिलाफ भी गांधी जी अब मुकदमा दर्ज हो गया है।
सम्भल। जिले के चन्दौसी में फव्वारा पर लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा इस समय राजनीति का केंद्र बन गई है। दो अक्टूबर को गांधी प्रतिमा पर रोने वाले सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के खिलाफ ईओ से अभद्रता करने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पालिका के लिपिक ने गांधी प्रतिमा के पास पहुंचकर कहा कि अहिंसा की नौटंकी करने वालों के खिलाफ भी आज मुकदमा दर्ज हो गया है। अगर उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई तो पालिका कर्मचारी हड़ताल कर धरना प्रदर्शन करेंगे।
दो अक्टूबर को जहां पूरा देश महात्मा गांधी की जयंती मना रहा था वहीं सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां कार्यकर्ताओं के साथ चन्दौसी के फव्वारा चौक स्थित गांधी प्रतिमा पर पहुंचे। उन्होंने रोते हुए कहा था कि गांधी जिस देश को आप छोड़कर चले गए वह देश अब बदल गया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई थी। उधर चन्दौसी के मुहल्ला लक्ष्मणगंज में बालक की नाले में डूबकर मौत के बाद बुधवार को सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचे और ईओ राजकुमार का घेराव कर लिया था। अभद्रता करते हुए धक्कामुक्की की थी। इस मामले में गुरुवार को ईओ की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां और सपा कार्यकर्ता आमिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया तो पालिका के कर्मचारी लिपिक प्रमोद वाल्मीकि के साथ फव्वारा चौक स्थित गांधी प्रतिमा पर पहुंच गए। लिपिक ने हाथ में रिपोर्ट की प्रतिलिपि लेकर कहा कि बालक की मौत का सभी पालिका स्टाफ को दुख है लेकिन ईओ के साथ अभद्रता करने से पूरे स्टाफ में रोष है। उसी के चलते आज सभी कर्मचारी हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दो अक्टूबर को जो सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने गांधी जी की प्रतिमा पर आकर अहिंसा वादी होने का ड्रामा किया था। वह बुधवार को अहिंसा वादी होना कैसे भूल गए। अगर तीन दिन के अंदर उनकी गिरफ्तारी नहीं होती तो पूरा स्टाफ कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करेगा।
किसी गरीब की मदद करना या किसी को न्याय दिलाना अपराध है और उसके बदले पुलिस प्रशासन व प्रदेश सरकार मेरे खिलाफ और दस मुकदमे दर्ज करा दे। मुझे वह भी स्वीकार है। जिस बालक की मौत हुई उसके बदले में जो मुझे तोहफा दिया गया है। वह मुझे उम्र भर याद रहेगा मैं बहुत भाग्यशाली हूं।
-फिरोज खां, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष