कोहरा और बादल छाने से बढ़ी ठंड
जागरण संवाददाता रामपुर जिले में शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के बा
जागरण संवाददाता, रामपुर : जिले में शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के बाद दोपहर तक आसमान में बादल छाये रहे। इससे ठंड काफी बढ़ गई। सुबह के समय ठंड के कारण सड़कों पर चहल-पहल काफी कम रही। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव जलाकर हाथ तापे।
जिलेभर में चौथे दिन सुबह को फिर घना कोहरा छाया रहा। इससे ठंड काफी ज्यादा बढ़ गई। लोगों ने ठंड से बचने के लिए घरों में हीटर, ब्लोअर आदि से हाथ तापे। वहीं सड़कों पर जगह-जगह ई-रिक्शा वाले और दुकानदार अलाव जलाकर हाथ तापते नजर आए। सुबह के समय ठंड ज्यादा होने के कारण अधिकतर लोग घरों में रजाई में ही दुबके रहे। जिन लोगों को जरूरी काम था, वही लोग अपने आपको गर्म कपड़ों में पूरी तरह ढककर घरों से बाहर निकले। सड़कों पर लोग जैकेट के साथ टोपा, मफलर, शॉल आदि में लिपटे दिखाई दिए। सुबह के समय सड़कों पर भी चहल-पहल काफी कम रही। घने कोहरे के कारण काफी पास का भी ठीक से दिखाई नहीं दे पा रहा था। ऐसे में वाहन चालक दिन में भी अपने वाहनों की लाइटों को जलाकर काफी धीमी गति से गुजरे। इससे वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आए। कोहरे में वाहनों के रेंगने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में आम दिनों के मुकाबले ज्यादा समय लगा। वहीं कोहरे में बसें आदि लेट आने के कारण यात्रियों को वाहनों का काफी देर तक रोडवेज आदि स्थानों पर इंतजार करना पड़ा। अब लगातार सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है।