नहर खंड कर्मचारी के बंद मकान से 50 हजार की चोरी
नहर खंड कर्मचारी के बंद मकान से 50 हजार की चोरी
रामपुर : बारिश का फायदा उठाते हुए चोरों ने रात में नहर खंड कर्मचारी के बंद मकान को निशाना बना दिया। चोर उनके घर से नकदी समेत 50 हजार का माल ले गए। पुलिस को सूचना दे दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित किला परिसर में नहर खंड विभाग का कार्यालय है। यहां स्टाफ के लिए सरकारी आवास भी बने हैं। एक आवास सींचपाल राहुल कुमार को आवंटित है। वह अपने भाई सुनील के साथ यहां रहते हैं। उनका एक मकान सिविल लाइंस क्षेत्र में है, जहां उनकी मां व अन्य परिजन रहते हैं। गुरुवार शाम वह भाई के साथ मां से मिलने चले गए थे। रात बारिश होने पर दोनों भाई वहीं रुक गए। रात किसी समय बंद मकान में चोर घुस गए। चोरों ने नकदी, बर्तन आदि सामान साफ कर दिया।
शुक्रवार सुबह जब दोनों भाई सरकारी आवास पर आए तो चोरी का पता चला। कमरे में रखे संदूक खुले हुए थे, जिसमें रखे 10 हजार रुपये, पीतल के बर्तन आदि 50 हजार का सामान गायब था। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पहुंच गई और मुयायना किया। सींचपाल की ओर से शहर कोतवाली में चोरी की तहरीर दे दी गई है।