अधिवक्ता के घर से नगदी व जेवर समेत 35 हजार की चोरी
पवांसा (सम्भल) हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने अधिवक्ता के घर को निशाना बना लिया।
पवांसा (सम्भल) : हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने अधिवक्ता के घर को निशाना बना लिया। चोर यहां से नगदी व सोने-चांदी के जेवर समेत करीब 35 हजार का माल चोरी कर लिया। जाग होने पर चोर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव मिलक सैजना निवासी सुखवीर यादव अधिवक्ता हैं। सुखवीर सिंह ने बताया कि गांव में उनका घर है। शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे पड़ोसी के घर की सीढि़यों द्वारा उनके घर में चोर घुस आए। चोरों द्वारा साथ लाए गए नल के हत्थे से कमरे का ताला तोड़कर वह अंदर दाखिल हो गए। जहां से उन्होंने कमरे में रखा संदूक उठा लिया। इसी बीच खटपट की आवाज सुनकर अधिवक्ता की मां और भाभी जाग गई। उन्होंने बताया कि घर में चोरों को देख उन्होंने शोर मचा दिया। ऐसे में शोर शराबा सुनकर घर के अन्य सदस्य भी जाग गए। सभी ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण भी जाग गए। घर में जाग होने पर चोर घर से संदूक लेकर ही भाग निकले। गृहस्वामी के साथ ग्रामीणों ने चोरों का पीछा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों को पीछे आता देख चोरों ने तमंचा लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस पर ग्रामीण अनहोनी के डर से रुक गए, जबकि चोर संदूक ले जाने में सफल हो गए। इतना ही नहीं चोर अपने साथ लाए नल के हत्थे को वही पर छोड़कर भाग गए। रविवार की सुबह पीड़ित स्वजनों और ग्रामीणों के साथ संदूक की तलाश में जुट गए। जहां पर उन्हें गांव के नजदीक फूलवती के खाली पड़े प्लाट में खाली संदूक मिल गया, जिसका ताला तोड़कर चोर कपड़े फेंक कर उसमें रखी 23 हजार की नगदी, एक सोने का ताबीज और 100 ग्राम चांदी की पाजेब निकाल ले गए। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चोरी की तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।
विद्युत गोयल, प्रभारी निरीक्षक हयातनगर