पटाखा फैक्ट्री में हुए अग्निकांड से सहमे हैं मजदूर
सतपुरा के निकट पटाखा फैक्ट्री में हुए अग्नि कांड में आठ लोग घायल हो गये थे जिनका हरियाणा के पारस अस्पताल में उपचार चल रहा है। अभी तक तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। तहरीर न मिलने से पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है जबकि आसपास के गांव के कुछ लोग जो फैक्ट्री में काम करते हैं वह बुरी तरह सहमे हुये हैं।

सहारनपुर, जेएनएन। सतपुरा के निकट पटाखा फैक्ट्री में हुए अग्नि कांड में आठ लोग घायल हो गये थे, जिनका हरियाणा के पारस अस्पताल में उपचार चल रहा है। अभी तक तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। तहरीर न मिलने से पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है, जबकि आसपास के गांव के कुछ लोग जो फैक्ट्री में काम करते हैं, वह बुरी तरह सहमे हुये हैं।
सतपुरा के निकट स्थित पटाखा फैक्ट्री में दूसरी बार हुये अग्निकांड में भले ही आठ लोग घायल हुए, लेकिन शार्ट सर्किट या किसी की मामूली सी चूक के कारण हुये हादसे में वहां काम कर रहे मजदूरों पर मौत मंडराने लगी थी। जानकारी मिली है कि जो तीन मजदूर गंभीर घायल हुए, सबसे पहले उन्होंने साहस दिखाते हुये जिस कमरे में हादसा हुआ, उस का दरवाजा बंद कर दिया। इसी दौरान उन्होंने वाटर सेफ्टी सिस्टम आन करा दिया, जिसकी वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया। आसपास के लोगों के मुताबिक पटाखा फैक्ट्री में करीब चार सौ से अधिक मजदूर काम करते हैं, जबकि पहली बार हुये हादसे के बाद से स्थानीय लोग काम करने से बचने लगे हैं लेकिन बेरोजगारी के चलते अपने परिवारों के पालन-पोषण के लिये अभी मौत के साये में काम करते हैं। यहां ज्यादा तर मजदूर बाहर से आये हुये हैं।
थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि सभी घायलों का उपचार हरियाणा के पारस अस्पताल में चल रहा है। सभी की स्थिति स्थिर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है।
Edited By Jagran