महिला को बस ने कुचला, मौत
दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर गांव कलसिया के पास बस की चपेट में आने से बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई।
सहारनपुर जेएनएन। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर गांव कलसिया के पास बस की चपेट में आने से बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई। दंपति अपने बच्चों के साथ सहारनपुर से पैतृक गांव हरिपुर में दीपावली मनाने जा रहे थे।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हरिपुर निवासी मनोज कुमार अध्यापक हैं और परिवार सहित सहारनपुर थाना मंडी क्षेत्र के तोता चौक के पास रहते हैं। रविवार को वह अपनी पत्नी नीरू 28 वर्ष के साथ बाइक पर अपने गांव में दीपावली मनाने आ रहे थे। बाइक की साइड में उन्होंने अपना सामान का बैग भी बांध रखा था। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर कलसिया के पास मसखरा नदी के पुल पर एक बस पीछे से आई तो बैग उसमें टकरा गया। संतुलन बिगड़ जाने पर नीरू नीचे गिर गई और बस के एक पहिए के नीचे कुचली गई।
--
सी-116,117,बस व टेंपो की भिड़ंत में सात घायल
संवाद सूत्र, रामपुर मनिहारान : रविवार को दीपावली के दिन दिल्ली- सहारनपुर मार्ग पर गांव जंदेहड़ा के निकट तेज गति से आ रही शामली डिपो की रोडवेज बस ने टेंपो में टक्कर मार दी, जिससे टेपो में सवार सात सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गई। टेंपो चालक संदीप गांव खटकाहेडी थाना रामपुर मनिहारान को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। टक्कर के बाद बस चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। घायल अन्य सवारियां उपचार करा कर अपने घरों को रवाना हो गई। पुलिस ने बस व टेंपो को कब्जे में ले लिया है।
--
बाइकों की भिड़ंत में पुलिसकर्मी समेत दो लोग घायल
संस, देवबंद: थाना नानौता क्षेत्र के गांव तिलफरा ऐनाबाद निवासी शिवकुमार पुत्र यशपाल हरिद्वार जनपद के बहादराबाद में नौकरी करता है। सोमवार को शिवकुमार देवबंद के साल्हापुर गांव में रहने वाली अपनी बहन के यहां भैयादूज की कोथली लेकर जा रहा था। जब वह बन्हेड़ा खास स्थित पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा तो इसी दौरान उसकी बाइक सामने से आ रहे एक पुलिसकर्मी की बाइक से टकरा गई, जिसमें शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, इस दुघर्टना में पुलिसकर्मी भी मामूली घायल हुआ है। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची मकबरा चौकी की पुलिस ने घायल शिवकुमार को यहां की सीएचसी में भर्ती कराया। जबकि घायल पुलिसकर्मी मरहम पट्टी कराकर लौट गया। चिकित्सकों ने नाजुक हालत के चलते शिवकुमार को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।