नगर पंचायत के वार्ड सदस्य पद के लिए डाले गए वोट
चिलकाना नगर पंचायत में वार्ड सात की खाली पड़ी सदस्य सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में मंगलवार को हुआ मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया।
सहारनपुर, जेएनएन। चिलकाना नगर पंचायत में वार्ड सात की खाली पड़ी सदस्य सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में मंगलवार को हुआ मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया। मंगलवार को नगर पंचायत की वार्ड सात की खाली पड़ी सीट के लिए हुआ मतदान सवेरे धीमी गति से शुरू हुआ, जो दिन चढ़ने के साथ तेज होता चला गया। पहले दो घंटे में 9 बजे तक 25 प्रतिशत मतदान हो गया जो एक बजे तक बढ़कर 50 प्रतिशत तक चला गया। भीषण गर्मी के चलते दोपहर मे मतदान बहुत धीमा रहा जो शाम 6 बजे तक 61.53 प्रतिशत हो गया अर्थात कुल 1240 मतदाताओं मे से 763 ने मताधिकार का प्रयोग किया। इस अवसर पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कडे बंदोबस्त किये थे।
कोरोना से मुक्ति को किया महारूद्राभिषेक
सहारनपुर : औघड़दानी नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में रूद्रीपाठ एवं संजीवनी महामृत्युंज्य मंत्र से महारूद्राभिषेक में कोरोना महामारी से मुक्ति को प्रार्थना की गई। बाद में महादेव को महाभोग अर्पण कर शिवजी की आरती उतारी।
मंगलवार को राधा विहार स्थित मंदिर में श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान मठ के तत्वावधान में आयोजित कोरोना महामारी से मुक्ति हेतु महारूद्राभिषेक में औघड़दानी नर्मदेश्वर महादेव का पंचामृत एवं गंगाजल एवं चारों धामों के जल से महास्नान कराया गया। रूद्रपाठ, महिमन्न स्त्रोत, एवं संजीवनी महामृत्युंजय मंत्र से महारूद्राभिषेक किया गया। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि महामृत्युंजय मंत्र के प्रभाव से सभी असाध्य रोगों से मुक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि मानव के अपकृत्य एवं प्रकृति हवन के कारण सत, रज, तम में असंतुलन का परिणाम, महामारी महाप्रलय जैसा महासंकट होता है, जिसे शिव ही संतुलित कर सकते हैं। शिव की परम शक्ति ही जागृत भाव में जीवन मरण को धारण करती है। इस अवसर पर आचार्य अजीत शर्मा, पं.नीरज मिश्रा, पं.योगेश तिवारी, पं.ऋषभ शर्मा, पं.वासुदेव वत्स, अनिकेत राय, अश्वनी कांबोज मौजूद थे।